ICC ने जारी किया 2035 तक का क्रिकेट कैलेंडर, भारत करेगा चैंपियंस ट्रॉफी 2029 की मेजबानी
क्या है खबर?
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने रविवार को इंडोनेशिया के बाली में आयोजित बोर्ड बैठक के बाद 2035 तक के प्रमुख पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंटों के कार्यक्रम को अंतिम रूप दे दिया है। इसके तहत भारत को चैंपियंस ट्रॉफी 2029 की पूर्ण मेजबानी और वनडे विश्व कप 2031 के लिए बांग्लादेश के सह-मेजबानी सौंपी है। इसके अलावा बोर्ड ने वनडे विश्व कप 2027, टी-20 विश्व कप 2028 और लॉस एंजिल्स ओलंपिक (LA28) के क्वालीफिकेशन प्रारूप पर भी मुहर लगा दी है।
बयान
ICC ने क्या जारी किया बयान?
ICC के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) संजोग गुप्ता ने बताया कि ICC खिलाड़ियों और एसोसिएट सदस्यों को महत्वपूर्ण टूर्नामेंटों की दीर्घकालिक स्पष्टता देने के महत्व को समझता है, जिससे खिलाड़ियों के विकास मार्ग को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा, "ICC टूर्नामेंट और कार्यक्रम क्रिकेट के वैश्विक ढांचे के अहम घटक हैं, जो पूरे इकोसिस्टम को बेहतर संदर्भ, प्रतिस्पर्धा और परिणाम प्रदान करते हैं। ये टूर्नामेंट प्रशंसकों और खिलाड़ियों दोनों के लिए सर्वोच्च क्षण होते हैं।"
टूर्नामेंट
2028 से 2031 तक प्रमुख ICC टूर्नामेंट्स का कार्यक्रम
ICC द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, टी-20 विश्व कप 2028 ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की संयुक्त मेजबानी में 12 अक्टूबर से 12 नवंबर, 2028 तक होगा।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2029 फाइनल इंग्लैंड में 8 से 12 जून, 2029 तक खेला जाएगा।
इसी तरह चैंपियंस ट्रॉफी 2029 का आयोजन भारत की मेजबानी में 9 से 28 अक्टूबर तक होगा।
टी-20 विश्व कप 2030 का आयोजन इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड की संयुक्त मेजबानी में 4 जुलाई से 4 अगस्त, 2030 होगा।
अन्य
अन्य टूर्नामेंट का यह रहेगा कार्यक्रम
ICC के कार्यक्रम के अनुसार, WTC 2031 का फाइनल मुकाबला एक बार फिर इंग्लैंड में 12 से 16 जून, 2031 तक किया जाएगा।
इसी तरह वनडे विश्व कप 2031 का आयोजन भारत और बांग्लादेश की संयुक्त मेजबानी में 9 अक्टूबर से 23 नवंबर, 2031 तक किया जाएगा।
LA28 ओलंपिक के लिए पुरुष क्वालीफायर 5 से 13 फरवरी, 2028 तक बांग्लादेश और महिला क्वालीफायर मुकाबले 26 फरवरी से 5 मार्च, 2028 तक अमेरिका में खेले जाएंगे।
प्रारूप
LA28 ओलंपिक के क्वालीफिकेशन का कैसा रहेगा प्रारूप?
ICC ने कहा, "ये आयोजन LA28 ओलंपिक कार्यक्रम में क्रिकेट की वापसी के लिए क्वालीफिकेशन मार्ग का अंतिम चरण हैं। पुरुष और महिला दोनों टूर्नामेंटों में 8-8 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें 4-4 के दो समूहों में बांटा जाएगा। कुल 13 मैच खेले जाएंगे।"
ICC ने आगे कहा, "प्रत्येक टीम अपने ग्रुप की अन्य टीमों से एक-एक मैच खेलेगी, जिसके बाद ग्रुप विजेता फाइनल में पहुंचेंगे। फाइनल की विजेता टीम LA28 ओलंपिक खेलों के लिए अंतिम क्वालीफिकेशन स्थान हासिल करेगी।"