LOADING...
अमेरिका का ईरान पर भीषण हमला, बुशहर-चाबहार समेत कई शहरों में धमाके; 3 की मौत
अमेरिकी हमलों के बाद ईरान के बंदर अब्बास बंदरगाह से उठता धुंआ

अमेरिका का ईरान पर भीषण हमला, बुशहर-चाबहार समेत कई शहरों में धमाके; 3 की मौत

लेखन आबिद खान
Jul 09, 2026
11:27 am

क्या है खबर?

अमेरिका ने देर रात ईरान पर फिर हमले किए हैं। बुशहर, चाबहार, बंदर अब्बास, सीरिक और कोनारक समेत कई शहरों में सैन्य और रणनीतिक ठिकानों पर धमाके हुए। ईरानी मीडिया के अनुसार, देश के दक्षिणी तटीय इलाकों में विस्फोटों की आवाजें सुनी गई हैं और ईरान के नियंत्रण वाले द्वीपों को निशाना बनाया गया। इन हमलों में 3 लोगों की मारे जाने की खबर है। हमले से ठीक पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को धमकी दी थी।

अमेरिका

अमेरिकी सेना बोली- होर्मुज को खुला रखने के लिए किए हमले

अमेरिकी सेना ने कहा कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य को समुद्री यातायात के लिए खुला रखने के लिए ईरान पर नए सिरे से हमले किए हैं। इन हमलों से ईरान के दक्षिणी तट पर स्थित कई शहर दहला गए और कुछ इलाकों में बिजली गुल हो गई। अमेरिकी सेना ने लिखा, 'अमेरिकी केंद्रीय कमान बलों ने होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की स्वतंत्रता को खतरे में डालने की ईरान की क्षमता को कम करने के लिए अतिरिक्त हमले शुरू कर दिए हैं।'

हमले

कहां-कहां हुए हमले?

ईरानी मीडिया ने सिरिक, बुशहर, कोनारक और चाबहार में धमाकों की खबर दी है। सिरिक में बंदरगाह पर हमला हुआ है। वहीं, ईरान के सबसे बड़े बंदरगाह बंदर अब्बास पर भी 8 धमाके हुए हैं। अमेरिका ने उत्तरी ईरान के अक्काला के पास एक रेलवे पुल पर भी हमला किया है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA ने बताया कि दक्षिणपूर्वी ईरान के एक हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक दमकलकर्मी की मौत हो गई है।

Advertisement

अन्य हमले

ईरान के लगभग पूरे दक्षिणी तट पर धमाके

ईरानशहर में भी विस्फोटों की खबर मिली है, वहीं, दक्षिणी ईरान के सिरिक में 3 धमाकों की आवाज सुनी गई। प्रेस टीवी के अनुसार, अबू मूसा द्वीप पर 2 धमाके हुए है। 2 अमेरिकी मिसाइलें बुशहर में गिरीं और जास्क में कई विस्फोटों की खबर है। चाबहार और कोनारक में करीब 10 विस्फोटों की खबर है। अमेरिकी हमलों के कारण शाहिद बेहेश्टी बंदरगाह, कलंतरी बंदरगाह और चाबहार में समुद्री यातायात नियंत्रण टावर को नुकसान पहुंचा है।

Advertisement

ईरान

ईरान ने खाड़ी देशों के अमेरिकी अड्डों पर किए हमले

ईरान ने कहा कि उसने अमेरिकी हमलों के जवाब में बहरीन और कुवैत में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डों पर हमले किए हैं। कुवैत की सेना ने कहा कि उसके वायु रक्षा तंत्र ने शत्रुतापूर्ण मिसाइल और ड्रोन हमलों को नाकाम कर दिया है। बहरीन के आंतरिक मंत्रालय ने कहा है कि चेतावनी के सायरन बजाए गए हैं। मंत्रालय ने नागरिकों से शांत रहने और निकटतम सुरक्षित स्थान पर जाने का आग्रह किया है।

धमकी

ट्रंप ने कहा था- समझौता खत्म हुआ

कल NATO सम्मेलन के दौरान तुर्की में ट्रंप ने कहा था कि ईरान के साथ युद्धविराम समझौता खत्म हो गया है। उन्होंने कहा था, "मेरे लिए, मुझे लगता है कि यह सब खत्म हो चुका है। मैं ईरानियों से निपटना नहीं चाहता। वे नीच हैं, वे बीमार लोग हैं। उनका नेतृत्व बीमार लोग कर रहे हैं और वे क्रूर, हिंसक लोग हैं।" इसके बाद उन्होंने संकेत दिए थे कि अमेरिका ईरान पर हमला कर सकता है।

Advertisement