ED ने क्यों फ्रीज किए तृणमूल कांग्रेस के 3 बैंक खाते के 440 करोड़ रुपये?
क्या है खबर?
राजनीतिक संकट से गुजर रही तृणमूल कांग्रेस (TMC) को एक और बड़ा झटका लगा है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को पार्टी के 3 बैंक खातों को फ्रीज कर दिया, जिसमें 400 करोड़ रुपये जमा है। ED अधिकारियों का कहना है कि उसने यह कार्रवाई विमानन क्षेत्र में कार्यरत केयरवेल ग्रुप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की है। TMC ने कार्रवाई को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है। पूरा मामला क्या है? आइए, जानते हैं।
आरोप
क्या है मामला?
पिछले महीने, TMC के बागी विधायकों ने पार्टी फंड से जुड़े कथित लेन-देन में गड़बड़ी देखते हुए कोलकाता पुलिस से HDFC बैंक में 3 खातों की जांच की मांग की थी। उन्होंने बैंक को पत्र लिखा। इसके बाद पुलिस ने तीनों खातों पर डेबिट लेन-देन को रोक लगाई थी। इसके बाद ED ने मामले में स्वतंत्र जांच शुरू की। उसने केयरवेल एविएशन लिंक पर फोकस करते हुए धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत तीनों खातों को फ्रीज कर दिया।
जांच
कोलकाता और आसपास छापा मारने के बाद फ्रीज किए खाते
ED ने पश्चिम बंगाल के बिधाननगर स्थित साइबर पुलिस द्वारा वित्तीय लेन-देन, अवैध धन संग्रह और संदिग्ध धन हस्तांतरण के मामले में दर्ज FIR के आधार पर कोलकाता और उसके आसपास 5 परिसरों पर छापा मारा था। इसके बाद उसने बैंक खातों को फ्रीज करने का आदेश दिया। एजेंसी का कहना है कि उसने यह कार्रवाई कोलकाता स्थित कंपनी केयरवेल एविएशन के माध्यम से पार्टी के 160 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत की है।
आरोप
TMC पर क्या लगे हैं आरोप?
आरोप है कि अप्रैल 2023 और जून 2026 के बीच TMC के बैंक खातों से केयरवेल एविएशन और उसकी संबंधित संस्थाओं को 160 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए। इन पैसों से 112 करोड़ रुपये में एक एम्ब्रेयर 600 विमान और एक अगस्ता हेलीकॉप्टर खरीदा गया, जिसमें 82.96 करोड़ रुपये एक नवगठित ईकाई को हस्तांतरित हुए। हेलीकॉप्टर खरीदने के लिए 2023 में केमैन द्वीप समूह की एक संस्था से 17 लाख डॉलर (16.19 करोड़ रुपये) का असुरक्षित ऋण लिया गया था।
आरोप
पार्टी के विमान को उसे ही किराए पर दिया गया
जांच एजेंसी का कहना है कि विमान और हेलीकॉप्टर को बाद में TMC को ही किराए पर दे दिया गया, जबकि उनको पार्टी के कोष से खरीदा गया था। दोनों विमान केवल TMC के एक शीर्ष पदाधिकारी इस्तेमाल करते थे और विमानन कंपनी का उपयोग करके किराए के बाने बड़ी रकम की कथित मनी लॉन्ड्रिंग की गई। ED मामले में TMC प्रमुख ममता बनर्जी और महासचिव अभिषेक बनर्जी समेत TMC के पदाधिकारियों से पूछताछ कर सकती है।