LOADING...
हेमा मालिनी, धर्मेंद्र को याद कर बोलीं- पूरे देश ने उनसे प्यार किया और उन्होंने मुझसे
धर्मेंद्र के प्यार पर हेमा मालिनी को नाज

हेमा मालिनी, धर्मेंद्र को याद कर बोलीं- पूरे देश ने उनसे प्यार किया और उन्होंने मुझसे

Jul 09, 2026
11:06 am

क्या है खबर?

मशहूर अभिनेत्री हेमा मालिनी हाल ही में अपने पति और दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को याद कर बेहद भावुक हो उठीं। उन्होंने धर्मेंद्र के साथ बिताए सुनहरे पलों को साझा करते हुए कहा कि पूरा देश उनसे बेहद प्यार करता था और वो उनसे। धर्मेंद्र के प्रति अपने गहरे जुड़ाव और पुरानी यादों को बयां करते हुए 'ड्रीम गर्ल' का दर्द झलक उठा। आइए जानते हैं उन्होंने धर्मेंद्र और अपने रिश्ते को लेकर क्या कुछ कहा।

खास मौका

इंडस्ट्री में 60 साल पूरे होने पर बोलीं हेमा

10 जुलाई को फिल्म इंडस्ट्री में अपने 60 साल मनाने से पहले, हेमा ने हिंदुस्तान टाइम्स से खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने धर्मेंद्र के पंजाब के एक छोटे से गांव से निकलकर देश के सबसे चहेते सुपरस्टार बनने के शानदार सफर को याद किया। उन्होंने धर्मेंद्र के उन मूल्यों पर भी बात की, जिन्हें वो सबसे ज्यादा महत्व देते थे और बताया कि अपने परिवार के साथ उनका कितना गहरा और अटूट जुड़ाव रहा है।

अहसास

"मंच पर मुझे अपने पीछे धर्मेंद्र जी का अहसास हो रहा था"

पद्म भूषण समारोह को याद कर हेमा ने कहा, "ये मेरे लिए एक भावुक और रोमांचक क्षण था। उनके 7 दशकों के काम को ये सम्मान मिला। मेरा मंच पर जाकर इसे स्वीकार करना सबसे बड़ा पल था। जब मैं राष्ट्रपति जी की ओर बढ़ रही थी, तब मुझे अपने पीछे धर्मेंद्र जी की मौजूदगी का अहसास हो रहा था, जैसे वो मुझे आगे बढ़ने के लिए कह रहे हों कि 'जाओ और इसे हासिल करो।"

Advertisement

प्यार

दोनों परिवारों के बच्चों को बराबर प्यार देते थे धर्मेंद्र

अभिनेत्री ने बताया कि धर्मेंद्र के लिए उनका परिवार हमेशा कितना महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने बताया कि वो लगातार सभी को एकजुट रहने के लिए प्रेरित करते थे और अपने बच्चों संग बिताए समय को बेहद संजोकर रखते थे। हेमा बोलीं , "वो कहते थे कि उन्हें अपने परिवार से बहुत लगाव है। हमेशा एक साथ रहने को बोलते थे। उन्हें अपने सभी बच्चों (पोता-पोती, नाती-नातिन) से बहुत लगाव था, चाहे उस घर के हों या मेरे घर के।"

Advertisement

गर्व

धर्मेंद्र के प्यार को याद कर गर्व से भरीं हेमा

हेमा ने कहा, "उन्होंने अपनी जिंदगी का भरपूर आनंद लिया। वो सब हासिल किया, जो आम इंसान को नहीं मिलता और वह बने जो वो बनना चाहते थे। पंजाब के एक छोटे से गांव से आया एक नौजवान लड़का मुंबई पहुंचा और इतना सब कुछ हासिल कर लिया। आज पूरा देश उनसे प्यार करता है, दुनिया के तमाम लोग उन्हें चाहते हैं और उस इंसान ने मुझसे प्यार किया। आप समझ सकते हैं कि मैं कितना गर्व महसूस करती हूं।"

Advertisement