ईरान के ड्रोन हमले के बाद सऊदी अरब और कुवैत में अमेरिकी दूतावास बंद
क्या है खबर?
अमेरिका ने सऊदी अरब और कुवैत में ईरान के ड्रोन हमलों के बाद अपने दूतावास कार्यालय और महावाणिज्य दूतावास बंद कर दिए हैं। ईरान ने मंगलवार तड़के रियाद और कुवैत में अमेरिकी दूतावास को निशाना बनाते हुए ड्रोन से हमला किया था, जिसके बाद वहां आग लग गई थी। अमेरिकी दूतावासों ने एक्स पर जारी बयान में बताया कि वीजा औऱ उससे संबंधित सभी काम रद्द हैं। हालांकि, यह नहीं बताया है कि कार्यालय कब खुलेंगे।
बयान
दूतावास बयान जारी देगा जानकारी
कुवैत में अमेरिकी दूतावास ने बयान जारी किया, "इलाके में चल रहे तनाव की वजह से, कुवैत में दूतावास अगली सूचना तक बंद रहेगा। हमने सभी नियमित और आपातकाली महावाणिज्य दूतावास साक्षात्कार रद्द कर दिए हैं। जब दूतावास सामान्य तरीके से काम शुरू करेगी, तो हम बताएंगे।" रियाद में दूतावास ने जानकारी दी कि अमेरिकी मिशन में सभी नियमित और आपातकालीन अमेरिकी नागरिक सेवा साक्षात्कार रद्द हैं, जेद्दा, रियाद और धाहरान के लिए आश्रय सूचना जारी की गई है।
हमला
ड्रोन से हुआ था हमला
अमेरिकी विदेश विभाग ने बताया था कि रियाद स्थित दूतावास पर दो मानवरहित हवाई वाहनों (UAV) से हमला हुआ, जिन्होंने छत और दूतावास परिसर की बाहरी दीवार को क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि, दूतावास के कर्मचारी सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। कुवैत स्थित अमेरिकी दूतावास पर भी ईरान ने कई ड्रोन से हमला किया था, जिससे यहां की इमारत में आग लग गई थी।