दुबई में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर ड्रोन हमला, अमेरिका ने नागरिकों से UAE छोड़ने को कहा
क्या है खबर?
ईरान लगातार मध्य-पूर्व में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना रहा है। अब दुबई स्थित अमेरिका के वाणिज्य दूतावास पर ड्रोन हमला हुआ है। इसके बाद दूतावास परिसर में आग लग गई, जिस पर तुरंत काबू पा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि हमले में जान या माल का कोई भारी नुकसान नहीं हुआ है। इससे पहले ईरान ने कुवैत और सऊदी अरब में स्थित अमेरिकी दूतावासों को निशाना बनाया था।
हमला
ड्रोन हमले के बाद दूतावास परिसर में लगी आग
दुबई के मीडिया कार्यालय ने बताया कि ड्रोन हमले के बाद अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास लगी सीमित आग पर काबू पा लिया है। बयान में कहा गया, "अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास ड्रोन संबंधित घटना के कारण लगी आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया गया है।आपातकालीन टीमों ने तुरंत कार्रवाई की।" अमेरिकी सरकारी अधिकारियों ने वॉल स्ट्रीट जर्नल को बताया कि ड्रोन पार्किंग में आकर गिरा। वीडियो में दूतावास के आसपास से काला धुआं उठता दिखाई दे रहा है।
आदेश
अमेरिका की अपने नागरिकों से अपील- UAE छोड़ दें
अमेरिकी विदेश विभाग ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को ओमान और सऊदी अरब के साथ भूमि सीमाओं के माध्यम से देश छोड़ने को कहा है। अमेरिका ने कहा, "हम अमेरिकियों को सलाह देते हैं कि यदि उन्हें लगता है कि वे सुरक्षित रूप से UAE छोड़ सकते हैं, तो ऐसा करें। UAE से कुछ उड़ानें रवाना हो रही हैं। ओमान और सऊदी अरब के साथ जमीनी सीमाएं भी खुली हैं।"
जहाज
UAE के पास जहाज पर हमला
ब्रिटिश सुरक्षा निगरानी एजेंसी यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने बताया कि UAE के तट पर एक जहाज पर हमला हुआ है। एजेंसी ने कहा, "चालक ने बताया कि जहाज पर किसी अज्ञात वस्तु से हमला हुआ है। आग लगने या पानी घुसने की कोई घटना नहीं हुई है। चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। अधिकारी जांच कर रहे हैं। अन्य जहाजों को सावधानी से यात्रा करने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की सलाह दी जाती है।"
सऊदी अरब
सऊदी अरब में CIA स्टेशन को बनाया गया निशाना- रिपोर्ट
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बताया कि सोमवार को एक ईरानी ड्रोन ने सऊदी अरब के रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास परिसर में मौजूद सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी (CIA) के स्टेशन को निशाना बनाने की कोशिश की। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि स्टेशन सीधे तौर पर लक्ष्य था या नहीं। CIA ने भी मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की है। सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर दो ड्रोन से हमला किया गया।
अपडेट्स
अब तक के बड़े अपडेट्स
इजरायल ने ईरान की राजधानी तेहरान और लेबनान की राजधानी बेरूत में बमबारी की है। ईरान में मृतकों का आंकड़ा 700 के पार हुआ। ईरान ने दावा किया कि उसके हमलों में 650 अमेरिकी सैनिक मारे गए या घायल हुए हैं। इजरायल ने कहा कि उसने ईरान के 300 मिसाइल लॉन्चर तबाह कर दिए हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान बातचीत करना चाहता है, लेकिन अब देर हो चुकी है। ईरान ने इसे खारिज किया है।