Loading...
अमेरिका का लगातार 7वीं रात ईरान पर हमला, पुल-बिजली संयंत्र निशाने पर; खोरमाबाद में धमाके
अमेरिकी हमलों में ईरान में पुल तबाह हुआ

अमेरिका का लगातार 7वीं रात ईरान पर हमला, पुल-बिजली संयंत्र निशाने पर; खोरमाबाद में धमाके

लेखन आबिद खान
Jul 18, 2026
10:01 am

क्या है खबर?

अमेरिका ने लगातार 7वीं रात ईरान पर हमले किए हैं। अमेरिका ने दक्षिणी ईरान में पुलों, हवाई अड्डों, बिजली संयंत्रों और एक रेलवे स्टेशन को निशाना बनाया है। अल जजीरा के मुताबिक, इन हमलों में सीरिक, बुशेहर, बंदर अब्बास, केश्म द्वीप और यज्द को निशाना बनाया गया। वहीं, लोरेस्टान प्रांत के खोरमाबाद शहर में भी धमाकों की खबर है। इसके बाद ईरान ने भी खाड़ी क्षेत्र में अमेरिका के सहयोगियों को निशाना बनाकर जवाबी कार्रवाई की है।

अमेरिका

अमेरिकी हमलों में 8 की मौत 

तसनीम समाचार एजेंसी ने बताया कि अमेरिका ने शनिवार तड़के जास्क के पास हमला किया। वहीं, एक अन्य हमले में होर्मोजगान प्रांत के बंदर अब्बास-रुदान सड़क पर स्थित 2 पुल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। एजेंसी ने यह भी दावा किया कि इन हमलों में कई ईरानी नागरिक मारे गए और अन्य घायल हुए।

विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने बताया कि हमले में 8 लोग मारे गए। इनमें से 3 बंदर खमीर में एक पुल पर मारे गए।

होर्मुज

होर्मुज में 2 जहाजों में आग, अमेरिका-ईरान के अलग-अलग दावे

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य के दक्षिण में बारूदी सुरंगों वाले क्षेत्र में प्रवेश करने के बाद 2 जहाजों में धमाका हुआ और आग लग गई।

IRGC ने कहा कि ये जहाज अमेरिका की 'भ्रामक जानकारी' के आधार पर होर्मुज से गुजरने की कोशिश कर रहे थे।

वहीं, अमेरिकी केंद्रीय कमान (CENTCOM) ने इस दावे को झूठा बताया और इसे IRGC के निराधार दावों की एक श्रृंखला का हिस्सा बताया।

ADVERTISEMENT

ईरान

ईरान ने खाड़ी देशों को बनाया निशाना

ईरान की सेना ने कहा कि उसने बहरीन, जॉर्डन, कुवैत और कतर में अमेरिकी ठिकानों पर हमला किया है।

कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि वह ईरान के ड्रोन हमलों का जवाब दे रहा है।

सऊदी अरब ने ईरान से मिसाइल दागे जाने के बाद अल-खारज और यानबू में सायरन सक्रिय कर दिए हैं। अल-खारज स्थित प्रिंस सुल्तान एयर बेस पर हमला हुआ है।

जॉर्डन के मुवफ्फाक साल्टी एयर बेस पर एक सैन्य सुविधा को निशाना बनाया गया है।

ADVERTISEMENT

बयान

ईरान बोला- बातचीत की नीति का दौर खत्म

ईरान के सैन्य सलाहकार मोहसेन रेजाई ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका बमबारी जारी रखता है तो तेहरान संघर्ष को पूर्ण युद्ध में बदल सकता है।

रेजाई ने कहा, "युद्धकाल में बातचीत करने की ईरान की नीति अब खत्म हो चुकी है। हमने अब तक जवाबी कार्रवाई सीमित रखी है, लेकिन संयम अनिश्चितकाल तक जारी नहीं रह सकता।"

ईरानी सांसद अहमद बख्शायेश अर्देस्तानी ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका ने जमीनी हमला किया, तो ईरान कुवैत-बहरीन में घुस जाएगा।

घटनाक्रम

बीते दिन की अहम खबरें जानिए

IRGC ने दावा किया है कि उसने अमेरिकी समर्थन से होर्मुज से गुजरने की कोशिश कर रहे 4 जहाजों को रोका।

CBS न्यूज ने बताया कि इस हफ्ते जॉर्डन के सैन्य ठिकानों पर हमलों में कई अमेरिकी सैनिक घायल हुए।

ईरान ने बुशहर प्रांत के ऊपर एक और अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है।

एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका इजरायल में दर्जनों हवाई ईंधन भरने वाले विमान तैनात करने जा रहा है।

ADVERTISEMENT