ईरान का दावा, जॉर्डन में तैनात कई अमेरिकी सैन्य-लड़ाकू विमानों और ड्रोन को तबाह किया
क्या है खबर?
ईरान ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने जॉर्डन में तैनात कई अमेरिकी सैन्य विमानों को निशाना बनाकर मिसाइल और ड्रोन हमला किया, जिसमें अमेरिका को बड़ा नुकसान हुआ है। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने बताया कि उसने शुक्रवार दोपहर को रात भर हुए अमेरिकी हमलों को जवाब में अमेरिकी सैन्य विमानों पर बैलिस्टिक मिसाइल दागे थे। हमले में कई ईंधन भरने वाले विमान और लड़ाकू विमान नष्ट हो गए और कई अन्य को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
हमला
ईरान ने जॉर्डनवासियों से अपील की
ईरान ने गिराए गए अमेरिकी सैन्य विमानों की संख्या का जिक्र नहीं किया है। अमेरिका ने भी अभी तक नुकसान की पुष्टि नहीं की है।
हालांकि, ईरान के दावे से कुछ घंटे पहले, जॉर्डन की सेना ने घोषणा की कि उसने अपने क्षेत्र में 3 ईरानी मिसाइलों को रोककर मार गिराया है और इसमें जानमाल की क्षति नहीं हुई।
इस बीच, IRGC ने जॉर्डनवासियों से देश में अमेरिकी हितों को निशाना बनाने का आग्रह किया है।
हमला
ईरान ने मध्य पूर्व में हमलों को स्वीकारा
ईरान ने जॉर्डन के अलावा, मध्य पूर्व में कई जगह अमेरिकी और सहयोगी ठिकानों पर जवाबी हमले का दावा किया है।
IRGC ने कहा कि उसने ओमान में अमेरिकी समुद्री निगरानी रडार स्थलों पर हमला किया। कुवैत-बहरीन में भी लक्ष्यों को निशाना बनाया।
उसने यह भी दावा किया कि ईरानीशहर में अपने सैनिकों के मारे जाने के प्रतिशोध में जॉर्डन सीमा के पास सीरिया के अल-तनफ में स्थित एक अमेरिकी विशेष अभियान कमान केंद्र पर भी हमला किया है।