पंजाब पुलिस ने अपने ही अधिकारी गुरिंदरजीत नागरा को किया गिरफ्तार, FBI ने लगाए थे आरोप
क्या है खबर?
पंजाब पुलिस ने अपने ही अधिकारी गुरिंदरजीत सिंह नागरा को गिरफ्तार कर लिया है। नागरा पर अमेरिका की FBI ने गैंगस्टर जग्गु भगवानपुरिया के संगठित अपराध गिरोह चलाने में भूमिका होने के आरोप लगाए थे। FBI ने कहा था कि कथित 3.4 करोड़ रुपये की रंगदारी में नागरा की भूमिका थी। इससे पहले नागरा को पुलिस लाइंस में स्थानांतरित कर दिया गया था। अब उसे गिरफ्तार कर जबरन वसूली और भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरोप
FBI ने नागरा पर क्या आरोप लगाए थे?
अमेरिकी अटॉर्नी बिल एस्सेली ने कहा कि नागरा का गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया से सांठगांठ है।
आरोप है कि नागरा ने गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर जनवरी 2026 में भारत में एक हत्या के मामले में लॉस एंजिल्स के एक परिवार को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी थी। इस दौरान नागरा ने परिवार से 3.4 करोड़ रुपये फिरौती मांगी थी।
FBI ने बताया कि नागरा ने भगवानपुरिया गिरोह से अमेरिकी पीड़ित परिवार की जानकारी हासिल की थी।
कार्रवाई
आरोपों के बाद पुलिस ने शुरू की थी जांच
FBI के खुलासे के बाद पंजाब पुलिस ने नागरा को तांडा थाने के SHO पद से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया था। साथ ही मामले की विभागीय जांच भी शुरू की गई थी, जिसकी जिम्मेदारी जालंधर रेंज के DIG नवीन सिंगला को सौंपी गई थी।
पुलिस का कहना है कि जांच में कुछ ऐसे तथ्य और सबूत सामने आए हैं, जिनके आधार पर नागरा की गिरफ्तारी की गई है। हालांकि, जांच अभी भी जारी है।