आमिर खान को बिश्नोई गैंग की खुली धमकी- हम इस आदमी को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे
क्या है खबर?
लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से अब बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान को जान से मारने की धमकी मिलने की खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गौरी स्प्रैट के साथ तीसरी शादी करने के बाद आमिर बिश्नोई गैंग के निशाने पर आ गए हैं। गैंग ने उन पर अपनी शादियों के जरिए 'लव जिहाद' को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। सलमान के बाद अब आमिर खान को मिली इस सीधी धमकी से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
ऑडियो क्लिप
'आरजू बिश्नोई' का ऑडियो क्लिप वायरल
गौरी संग तीसरी शादी के बाद आमिर को सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी मिली है।
कथित पोस्ट में अभिनेता पर 'लव जिहाद' को बढ़ावा देने का गंभीर आरोप लगाया गया है। इस मामले में इंटरनेट पर एक ऑडियो क्लिप भी वायरल हो रहा है।
ये धमकियां कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई के भाई, आरजू बिश्नोई और एक अन्य व्यक्ति द्वारा दी गई थीं, जिसकी पहचान टाइसन बिश्नोई के रूप में हुई है।
पोस्ट
संस्कृति और सनातन धर्म के खिलाफ है ये- बिश्नाई ग्रुप
लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप के आरजू और टाइसन बिश्नोई ने अपने पोस्ट में लिखा है, 'आमिर खान जैसे लोग देश में 'लव जिहाद' को बढ़ावा दे रहे हैं, जो हमारी संस्कृति, सनातन धर्म और देश के खिलाफ है। हम इस आदमी को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे और जल्द ही उसे इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा।" पोस्ट में आगे देशवासियों से वादा करते हुए लिखा गया है कि ऐसे शर्मनाक काम को बढ़ावा देने वालों से वे अपने तरीके से निपटेंगे।
जांच
मुंबई पुलिस को नहीं मिली शिकायत, फेसबुक पोस्ट की जांच में जुटी क्राइम ब्रांच
मुंबई पुलिस के अनुसार, अभिनेता या उनकी टीम की तरफ से इस धमकी के संबंध में कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है।
पुलिस को मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए इस मामले की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने संबंधित फेसबुक पोस्ट की जांच शुरू कर दी है।
खतरे की गंभीरता को देखते हुए मुंबई क्राइम ब्रांच भी सच्चाई का पता लगाने में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दुश्मनी
सालों से सलमान खान के पीछे पड़ा है बिश्नोई गैंग
बिश्नोई गैंग पिछले कई सालों से अभिनेता सलमान खान को जान से मारने की धमकियां दे रहा है। इस दुश्मनी की मुख्य वजह 1998 का काला हिरण शिकार मामला है, क्योंकि बिश्नोई समाज काले हिरण को पवित्र मानता है।
साल 2018 में कोर्ट में भी लॉरेंस ने सलमान को मारने की बात कही थी। इस गैंग ने अप्रैल 2024 में सलमान के घर के बाहर हुई गोलीबारी और अक्टूबर 2024 में बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी भी ली थी।