अमेरिका ने 5 ईरानी जहाजों पर हमला किया, जवाब में ईरान ने अमेरिकी अड्डे पर दागीं मिसाइलें
क्या है खबर?
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव फिर बढ़ गया है। अमेरिकी सेना ने 8 सितंबर को ओमान की खाड़ी और ईरान के खार्ग द्वीप के पास ईरान से जुड़े 5 तेल जहाजों पर हमला किया है। अमेरिका ने कहा कि उसके युद्धपोतों को निशाना बनाने के जवाब में ये कार्रवाई की गई है। जवाब में ईरान ने भी जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकाने की ओर 20 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं।
अमेरिका
अमेरिका बोला- 5 जहाजों को नष्ट कर दिया
अमेरिका की केंद्रीय कमान (CENTCOM) ने कहा, '8 सितंबर को CENTCOM ने ईरान के कच्चे तेल ले जाने वाले 5 जहाजों को नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई तब की गई जब IRGC ने पिछले 2 दिनों में 2 बार बैलिस्टिक मिसाइलों से अमेरिकी नौसेना के युद्धपोत को निशाना बनाने की कोशिश की। अमेरिकी युद्धपोत ने ईरान के हमलों की कोशिशों को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया और इलाके में गश्त जारी रखी। किसी भी अमेरिकी कर्मी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।'
जहाज
हमले से पहले चालक दल ने छोड़े जहाज
जिन जहाजों पर हमला किया गया, उनके नाम MT कविज, MT चारमीनार, MT होराइजन 1, MT रीस्को और MT डेर्या थे। इनमें से 4 पर ओमान की खाड़ी में हमला हुआ, जबकि डेर्या को खार्ग द्वीप के पास निशाना बनाया गया।
CENTCOM ने बताया कि अमेरिकी सेना ने हमला करने से पहले चालक दल को जहाजों को छोड़ने का आदेश दिया, जिससे वे निष्क्रिय हो गए। हमले के बाद जहाजों के वीडियो भी सामने आए हैं।
ट्विटर पोस्ट
देखें हमले का वीडियो
CENTCOM forces destroyed five Iranian crude oil carriers, Sept. 8, after the Islamic Revolutionary Guard Corps (IRGC) targeted a U.S. Navy warship with ballistic missiles twice over the past two days. The U.S. warship successfully evaded the attempted Iranian attacks and… pic.twitter.com/Gi8a2tloN1
— U.S. Central Command (@CENTCOM) September 8, 2026
ईरान
ईरान ने जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य अड्डे को बनाया निशाना
ईरान ने जॉर्डन के अल अजराक हवाई अड्डे पर तैनात अमेरिकी दलों पर मिसाइलें दागी हैं।
अल जजीरा के मुताबिक, जॉर्डन के अधिकारियों ने कहा कि उनकी हवाई रक्षा प्रणाली ने 20 मिसाइलों में से 18 को नष्ट कर दिया, जबकि 2 खुले इलाकों में गिरीं।
हालांकि, IRGC ने अल अजराक पर 'भयंकर मिसाइल हमले' का दावा करते हुए कहा कि इनसे अमेरिकी लड़ाकू विमानों के हैंगर नष्ट हो गए।
चेतावनी
ईरान ने कुवैत-बहरीन के बंदरगाहों पर खड़े जहाजों को चेतावनी दी
ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में 10 जहाजों पर हमले का दावा किया है। इनमें 2 अमेरिकी जहाज और 8 तेल टैंकर शामिल हैं।
साथ ही ईरान ने कुवैत और बहरीन के बंदरगाहों पर जहाजों को निशाना बनाने की धमकी दी है।
IRGC ने कहा, "हम कुवैती और बहरीन के बंदरगाहों में मौजूद सभी तेल टैंकरों के चालक दल को चेतावनी देते हैं कि वे अपने जहाजों को तुरंत छोड़ दें, चाहे वे लंगर डाले हों या बंदरगाहों पर हों।"
तेल की कीमतें
तेल की कीमतों में उछाल
अमेरिका-ईरान में ताजा तनाव ने वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंताओं को और बढ़ा दिया है।
मंगलवार को बाजारों में तेल की कीमतें बढ़कर 99.46 अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गईं। लगभग एक महीने की शांति के बाद एक सप्ताह पहले फिर से शुरू हुई लड़ाई के बाद से तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है।
दूसरी ओर, हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच तेज होते संघर्ष ने भी अनिश्चितताएं बढ़ा दी हैं।