क्या न्यूजीलैंड में होने वाली वनडे सीरीज में रोहित-कोहली करेंगे संघर्ष? मिचेल सैंटनर ने बताई योजना
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के कप्तान मिचेल सैंटनर ने अक्टूबर-नवंबर में होने वाले भारतीय क्रिकेट टीम के आगामी न्यूजीलैंड दौरे से पहले बड़ा बयान दिया है। उनकी इच्छा है कि वह दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा को संघर्ष करते हुए देखें। उन्होंने उम्मीद जताई है कि आगामी वनडे सीरीज में इन दोनों बल्लेबाजों को पिचों से कोई मदद या अनुकूल परिस्थितियां न मिलें। बता दें कि 2022 के दौरे में ये दोनों खिलाड़ी टीम का हिस्सा नहीं थे।
बयान
सैंटनर ने क्या दिया बयान?
सैंटनर ने PTI से बातचीत में कहा, "यह एक बड़ी चुनौती होने वाली है। वे (रोहित और कोहली) अभी भी वनडे प्रारूप के बेहद बेहतरीन खिलाड़ी हैं, जैसा कि हम लंबे समय से देखते आ रहे हैं। वे दोनों वनडे मैचों के उस्ताद हैं। अतीत में उन्होंने न्यूजीलैंड की कुछ पिचों को काफी पसंद किया है, लेकिन उम्मीद है कि इस बार ऐसा नहीं होगा। इसमें कोई शक नहीं कि यह एक शानदार सीरीज होने जा रही है।"
दावा
भारत की नई टेस्ट टीम के लिए चुनौतीपूर्ण होगा यह दौरा
सैंटनर का मानना है कि न्यूजीलैंड की परिस्थितियां भारत की नई और युवा टेस्ट टीम के लिए भी बेहद चुनौतीपूर्ण होंगी।
उन्होंने कहा, "भारत की इस नई टीम के लिए शायद यह पहला मौका होगा जब उनके कुछ खिलाड़ी न्यूजीलैंड में टेस्ट मैच खेलेंगे, जहां की पिचें और परिस्थितियां उनके लिए पूरी तरह से अनजानी होंगी।"
हालांकि, इस दौरान उन्होंने यह भी माना कि यह भारतीय टीम भी एक बेहद संतुलित और हर विभाग में मजबूत टीम है।
प्रदर्शन
न्यूजीलैंड में कैसा रहा है रोहित और कोहली का प्रदर्शन?
न्यूजीलैंड की पिचों पर रोहित का रिकॉर्ड कुछ खास नहीं रहा है।
उन्होंने यहां खेलीं 13 वनडे पारियों में बिना किसी शतक के केवल 36.42 की औसत और 72.95 के स्ट्राइक रेट से 437 रन बनाए हैं।
इसके उलट कोहली ने कीवी धरती पर बेहतर खेल दिखाया है।
उन्होंने भी यहां 13 पारियां खेली हैं, जिसमें लगभग 50 की शानदार औसत से 596 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतकीय पारी भी शामिल है।
कार्यक्रम
कैसा है भारत के न्यूजीलैंड दौरे का कार्यक्रम?
भारत के इस न्यूजीलैंड दौरे की शुरुआत 22 अक्टूबर से होगी। इसमें सभी प्रारूपों में कुल 12 मुकाबले खेले जाएंगे।
सबसे पहले 22 अक्टूबर से 5 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज का आगाज होगा।
उसके बाद 4 नवंबर से 5 वनडे मैच की सीरीज खेली जाएगी। आखिर में 19 नवंबर से 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी।
ऐसे में भारतीय टीम के लिए यह पूरा दौरा बेहद चुनौतीपूर्ण और उतार-चढ़ाव से भरा रहने वाला है।