सैमसंग ने भारत में शुरू की छंटनी, इतने लोगों की जा सकती है नौकरी
क्या है खबर?
टेक कंपनी सैमसंग भारत में कर्मचारियों की छंटनी कर रही है। द इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने टेलीविजन और होम अप्लायंस कारोबार में कर्मचारियों की संख्या घटानी शुरू कर दी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि बढ़ती लागत, कमजोर मांग और कारोबार में बदलाव के बीच यह कदम उठाया गया है। कंपनी भारत में कामकाज और टीमों के ढांचे में बदलाव कर रही है। इससे कर्मचारियों पर असर पड़ सकता है।
असर
80 से 100 अधिकारियों पर असर
रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक करीब 80 से 100 अधिकारियों से नौकरी छोड़ने को कहा गया है।
इनमें मुख्यालय के डायरेक्टर स्तर के अधिकारी, टीम लीड, ब्रांच मैनेजर और एरिया मैनेजर शामिल हैं। छंटनी अलग-अलग चरणों में की जा रही है और सेल्स तथा मार्केटिंग टीम के करीब 25 प्रतिशत कर्मचारियों पर असर पड़ने की संभावना जताई गई है।
इसमें सीधे कर्मचारी और मैनपावर एजेंसियों के जरिए काम करने वाले लोग भी शामिल हैं।
परेशानी
बढ़ती लागत ने बढ़ाई परेशानी
सैमसंग के भारत कारोबार पर कई वजहों से दबाव बढ़ा है।
मेमोरी चिप की कीमतें काफी बढ़ी हैं, जबकि रुपये में कमजोरी और कच्चे माल की महंगी कीमतों ने खर्च बढ़ाया है। भारत में स्मार्टफोन की बिक्री में भी गिरावट दर्ज हुई है। कंपनी के लिए यह महत्वपूर्ण है, क्योंकि उसके भारतीय राजस्व का बड़ा हिस्सा मोबाइल कारोबार से आता है।
टेलीविजन और होम अप्लायंस में कमजोर मांग ने लागत घटाने का दबाव बढ़ाया है।
सुरक्षित
स्मार्टफोन टीम फिलहाल सुरक्षित
मौजूदा छंटनी में सैमसंग की स्मार्टफोन टीम को फिलहाल बाहर रखा गया है।
कंपनी को उम्मीद है कि दिवाली के दौरान मोबाइल की मांग बेहतर हो सकती है। दूसरी ओर, सैमसंग अपने ब्रांच नेटवर्क को भी छोटा और व्यवस्थित कर रहा है तथा कुछ कार्यालयों को मिलाया जा रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, दिवाली के बाद होम अप्लायंस और टेलीविजन कारोबार में कर्मचारियों की संख्या घटाने का एक और दौर हो सकता है।