हूती विद्रोहियों का सऊदी अरब के हवाई अड्डों और तेल सुविधाओं पर हमला, 73 घायल
क्या है खबर?
यमन के हूती विद्रोहियों ने एक बार फिर सऊदी अरब के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया है। विद्रोहियों ने कहा कि उन्होंने आभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, किंग खालिद हवाई अड्डे और आभा और जिजान में अरामको तेल सुविधाओं पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया है। इसके बाद सऊदी अरब ने दावा किया कि हमलों में महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 73 नागरिक घायल हो गए हैं।
हमले
सऊदी के 4 शहरों में हुए हमले
यमन में लड़ रहे सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने कहा कि हूतियों ने आभा, खमीस मुशैत, जिजान और नजरां प्रांतों में हमले किए।
उन्होंने कहा, "यह हमले सऊदी अरब की संप्रभुता का स्पष्ट उल्लंघन है और नागरिकों और निवासियों के लिए सीधा खतरा पैदा करते हैं।"
वहीं, सऊदी के ऊर्जा मंत्रालय ने कहा कि दक्षिण में कई ऊर्जा क्षेत्रों को निशाना बनाया गया, जिससे आग लग गई और परिचालन ठप हो गया।
सऊदी अरब
हूती विद्रोहियों ने सऊदी पर भी लगाया हमले का आरोप
वहीं, हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर जौफ, अल-बायदा, मारिब और तैज में हवाई हमले करने का आरोप लगाया है।
हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने कहा कि सऊदी अरब के इन कथित हमलों का जवाब जरूर दिया जाएगा और सजा भी मिलेगी। हालांकि, सऊदी ने हमलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
हूतियों ने कहा कि सऊदी अरब ने जौफ प्रांत के अल-हज्म स्थित जेल पर हमला किया, जिसमें एक बच्चे सहित 7 लोगों की मौत हो गई।