LOADING...
अमेरिका ने ईरान पर फिर किया हमला, तेहरान ने खाड़ी देशों पर दागी मिसाइलें; होर्मुज बंद
अमेरिकी हमलों से दहला ईरान

अमेरिका ने ईरान पर फिर किया हमला, तेहरान ने खाड़ी देशों पर दागी मिसाइलें; होर्मुज बंद

लेखन आबिद खान
Jul 12, 2026
09:31 am

क्या है खबर?

अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम लगभग टूट गया है। देर रात अमेरिका ने ईरान के कम से कम 5 शहरों पर बमबारी की है। इनमें परमाणु सुविधा वाला शहर बुशहर भी शामिल है। ईरान ने इन शहरों में धमाकों की पुष्टि की है। इसके जवाब में ईरान ने कतर, बहरीन और जॉर्डन समेत कई देशों में अमेरिका के सैन्य अड्डों को निशाना बनाया है। होर्मुज जलडमरूमध्य फिर बंद हो गया है।

अमेरिका

ईरान के 5 शहरों में धमाके

अमेरिकी केंद्रीय कमान (CENTCOM) ने कहा कि उसकी सेनाओं ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर सुबह 5:45 बजे हमले शुरू किए। ईरान के प्रेस टीवी ने बुशहर और असलूयेह में विस्फोटों की सूचना दी। सरकारी टेलीविजन के अनुसार, ईरान के चाबहार के पास भी विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। वहीं, मेहर न्यूज एजेंसी ने केशम द्वीप पर धमाकों की सूचना दी। सरकारी प्रसारक IRIB ने कहा कि बंदर अब्बास में 3 और सिरिक में 2 विस्फोट हुए।

होर्मुज

ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य बंद किया

ईरान ने हमले के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर बंद कर दिया है और जहाजों को वहां से न गुजरने की चेतावनी दी है। ईरानी विदेश मंत्रालय के सलाहकार अली सफारी ने कहा कि अमेरिका को इस कार्रवाई का जवाब दिया जाएगा। साथ ही ईरान ने साफ किया कि जब तक अमेरिकी दखल जारी रहेगा, तब तक होर्मुज बंद रहेगा। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने घोषणा की है कि होर्मुज जलडमरूमध्य अगले आदेश तक बंद रहेगा।

Advertisement

हमले

ईरान में कहां-कहां हुए हमले?

स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 3.45 बजे बुशहर एयर बेस, चोघडक मिसाइल साइट, सरताल रडार साइट और असलूयेह सहित कई स्थानों के पास धमाके हुए। असलुयेह को साउथ पार्स गैस फील्ड का ऑनशोर हब माना जाता है, जो ईरान के ऊर्जा क्षेत्र की सबसे अहम संपत्तियों में से एक है। दक्षिणी खुजेस्तान प्रांत के हेंडिजन, महशहर और अबादान पर हमले हुए हैं। बंदरगाह शहर जास्क में 10 से ज्यादा धमाके हुए।

Advertisement

ईरान

ईरान ने कतर, बहरीन समेत कई देशों को बनाया निशाना

IRGC ने दावा किया है कि उसने जॉर्डन के प्रिंस हसन एयर बेस पर स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। वहीं, कतर ने बताया कि उसके सशस्त्र बलों ने देश को निशाना बनाकर किए गए मिसाइल हमले को नाकाम कर दिया है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियां ईरान से दागी जा रही मिसाइलों और ड्रोनों का सक्रिय रूप से मुकाबला कर रही हैं। बहरीन में लगातार सायरन बज रहे हैं।

होर्मुज में हमला

जहाज पर हमले के बाद चालक दल का सदस्य लापता

यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य में एक जहाज के चालक दल ने जहाज छोड़कर लाइफबोट में शरण ली है। CENTCOM ने कहा कि ईरान ने साइप्रस के ध्वज वाले एक मालवाहक जहाज MV GFS गैलेक्सी पर हमला किया था, जो होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहा था। इस हमले के बाद चालक दल का एक सदस्य लापता है। जहाज में आग लग गई है और इंजन रूम को काफी नुकसान पहुंचा है।

Advertisement