LOADING...
अमेरिकी सेना ने बोत्सवाना ध्वज वाले तेल टैंकर को ईरानी बंदरगाह जाने से रोका, मिसाइल दागी
अमेरिकी सेना ने बोत्सवाना ध्वज वाले तेल टैंकर को ईरानी बंदरगाह जाने से रोका (प्रतीकात्मक तस्वीर)

अमेरिकी सेना ने बोत्सवाना ध्वज वाले तेल टैंकर को ईरानी बंदरगाह जाने से रोका, मिसाइल दागी

लेखन गजेंद्र
Jun 03, 2026
10:20 am

क्या है खबर?

अमेरिकी सेना ने बुधवार को होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरानी बंदरगाहों पर जारी नाकाबंदी के बीच एक खाली तेल टैंकर पर हमला किया है। सेना ने बोत्सवाना का झंडा लगे जहाज एम-टी लेक्सी के ख़िलाफ नाकाबंदी के उपाय लागू किए। खाली तेल टैंकर वाला जहाज ईरानी बंदरगाह की ओर बढ़ रहा था। अमेरिकी सेना ने जहाज के इंजन रूम में एक हेलफायर मिसाइल दागकर उसे आगे बढ़ने से रोक दिया। इससे पहले उसने जहाज को कड़ी चेतावनी दी थी।

हमला

चेतावनी को नजरअंदाज करने पर हमला

अमेरिकी केंद्रीय कमान (CENTCOM) ने बताया कि बोत्सवाना का झंडा लगा एक खाली तेल टैंकर अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र से होते हुए अरब खाड़ी में स्थित खर्ग द्वीप की ओर बढ़ रहा था। उस जहाज के चालक दल को सेना ने बार-बार चेतावनी दी, जिसे नजरअंदाज किया और अमेरिकी सेना के निर्देशों का पालन करने से इनकार कर दिया। इसके बाद एक अमेरिकी विमान ने हेलफायर मिसाइल दागकर उसके इंजन रूम को निष्क्रिय कर दिया, जिससे टैंकर ईरान तक नहीं पहुंच पाया।

हमला

अब तक 122 जहाजों का बदला गया रास्ता

CENTCOM ने एक बयान जारी कर बताया कि अमेरिकी सेना ने 13 अप्रैल को ईरानी बंदरगाहों में आने-जाने वाले सभी समुद्री यातायात की नाकाबंदी लागू की थी, जो अभी तक जारी है। सेना के मुताबिक, ईरान के साथ जारी संघर्ष-विराम के दौरान, अब तक 6 वाणिज्यिक जहाजों को निष्क्रिय किया गया है और 122 जहाजों का रास्ता बदला गया है। ईरान से समझौता होने तक यह नाकाबंदी अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में लागू रहेगी।

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने साझा किया हमले का वीडियो

Advertisement