LOADING...
अमेरिकी सेना के केशम द्वीप पर हमले के बाद ईरान ने कुवैत-बहरीन को बनाया निशाना
अमेरिकी सेना ने ईरान के केशम द्वीप पर हमले किए (प्रतीकात्मक तस्वीर)

अमेरिकी सेना के केशम द्वीप पर हमले के बाद ईरान ने कुवैत-बहरीन को बनाया निशाना

लेखन गजेंद्र
Jun 03, 2026
09:06 am

क्या है खबर?

अमेरिकी सेना ने बुधवार तड़के होर्मुज जलडमरूमध्य के पास में स्थित ईरान के केशम द्वीप पर हमला किया है, जिसके बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई की। अमेरिकी केंद्रीय कमान (CENTCOM) ने इसे आत्मरक्षा में किया गया हमला बताया था। हालांकि, ईरान ने इसके जवाब में कुवैत और बहरीन पर ड्रोन और मिसाइल दागी है। अमेरिका का कहना है कि उसने ईरान द्वारा पड़ोसी क्षेत्रों में दागी गई बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोनों को सफलतापूर्वक विफल कर दिया है।

दावा

ईरान ने किया अमेरिकी संपत्तियों को निशाना बनाने का दावा

ईरान के सरकारी प्रसारक IRIB ने दावा किया कि फारस की खाड़ी, होर्मुज जलडमरूमध्य और केशम द्वीप पर अमेरिका द्वारा की गई शत्रुतापूर्ण कार्रवाइयों के बाद कुवैत में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया गया था। IRIB ने दावा किया कि कुवैत में अमेरिकी सैन्य सुविधाओं पर हमला किया गया, बहरीन में अमेरिकी 5वीं फ्लीट के मुख्यालय और इस क्षेत्र में मौजूद एक अमेरिकी एयर बेस पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया है।

दावा

अमेरिका ने दावों को नकारा

CENTCOM ने कहा कि पूरे मध्य पूर्व में ईरान द्वारा किए गए हमलों के जवाब में अमेरिका ने केशम द्वीप पर आत्मरक्षा में हमले किए थे। कमान ने कहा कि ईरान ने अपने पड़ोसी देशों पर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, हालांकि, उनमें से कोई लक्ष्य तक नहीं पहुंची। कुवैत पर दागी 2 ईरानी मिसाइलें रास्ते में ही टूट गईं और बहरीन पर दागी गई 3 मिसाइलों को अमेरिकी और बहरीन की वायु रक्षा सेनाओं ने तुरंत रोक लिया।

Advertisement

सूचना

कुवैत और बहरीन ने जारी किया अलर्ट

कुवैत की सेना ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध मलबे की सूचना तुरंत 112 हेल्पलाइन पर दें और आसपास गिरे किसी भी मलबे, छर्रे या अज्ञात वस्तु के पास न जाएं और न ही उन्हें छुएं। बहरीन के आंतरिक मंत्रालय ने कहा कि एक चेतावनी सायरन सक्रिय किया गया है, जिसमें नागरिकों और निवासियों से शांत रहने और आधिकारिक सुरक्षा निर्देशों का पालन करते हुए निकटतम सुरक्षित स्थान पर जाने का आग्रह है।

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

कुवैत पर हमले का वीडियो

Advertisement