इस्लामाबाद वार्ता के बीच बड़ी खबर, ईरान की फ्रीज संपत्तियों को जारी करेगा अमेरिका- रिपोर्ट
क्या है खबर?
अमेरिका और ईरान के बीच आज पाकिस्तान के इस्लामाबाद में शांति वार्ता हो रही है। इस बैठक से ठीक पहले खबर है कि अमेरिका ने ईरान की फ्रीज की गई संपत्तियों को जारी करने पर सहमति जताई है। एक ईरानी अधिकारी ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को ये जानकारी दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, बदले में ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने का भरोसा दिया है।
रिपोर्ट
ईरान को मिल सकता है कतर समेत अन्य बैंकों में फंसा पैसा
रॉयटर्स ने ईरानी सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि अमेरिका ईरान के दूसरे देशों में फंसे हुए पैसे जारी करने के लिए तैयार हो गया है। यह पैसा कतर और अन्य विदेशी बैंकों में जमा है। सूत्र के अनुसार, इसे अच्छे इरादे का संकेत माना जा रहा है और यह दिखाता है कि अमेरिका स्थायी शांति समझौते को लेकर गंभीर है। दरअसल, ईरान के अरबों रुपये अमेरिकी प्रतिबंधों के चलते अलग-अलग देशों में फंसे हुए हैं।
कतर
कतर के बैंक में हैं ईरान के 6 अरब डॉलर
ईरान ने दक्षिण कोरिया को तेल बेचकर 6 अरब डॉलर कमाए थे, जिसे 2018 में ट्रंप ने फ्रीज कर दिया था। सितंबर 2023 में कतर की मध्यस्थता से अमेरिका और ईरान के बीच हुई कैदियों की अदला-बदली हुई थी। तब ईरान और अमेरिका दोनों ने 5-5 कैदी रिहा किए थे। अमेरिका ने इस राशि को कतर को दे दिया था। हालांकि, हमास के हमले के बाद ये राशि कतर में ही फंसी रह गई।