ईरान बोला- थोड़ा सा भी संवर्धित यूरेनियम किसी दूसरे देश नहीं भेजेंगे
क्या है खबर?
ईरान ने किसी तीसरे देश को अपना संवर्धित यूरेनियम भेजने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। ईरानी सुरक्षा प्रमुख मोहसेन रेजाई ने पाकिस्तानी सेना प्रमुख असिम मुनीर को बताया कि तेहरान किसी भी परमाणु सामग्री को देश से बाहर जाने की अनुमति नहीं देगा। दरअसल, युद्ध को खत्म करने के पाकिस्तान के प्रयासों के तहत, इस्लामाबाद ने प्रस्ताव दिया है कि तेहरान अपने संवर्धित यूरेनियम का कुछ हिस्सा किसी अन्य देश को हस्तांतरित करे।
बयान
रेजाई बोले- अमेरिका शर्तें माने तो ही बातचीत होगी
रेजाई ने कहा, "संवर्धित यूरेनियम का एक छोटा सा अंश भी ईरान से बाहर नहीं जाएगा। ऐसी सामग्री ईरानी लोगों के लिए एक प्रमुख संपत्ति और राष्ट्रीय संपदा है, जिसका उपयोग देश के भीतर ही किया जाना है। जब तक अमेरिका भरोसा जीतने के लिए ठोस कदम नहीं उठाता और ईरान की सभी शर्तें नहीं मानता, तब तक बातचीत नहीं होगी। इसकी शुरुआत ईरान की शर्तें पूरी करने से होनी चाहिए।"
दौरा
पेजेश्किया बोले- अमेरिका पर भरोसा नहीं करते
दरअसल, मुनीर ईरान के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्किया और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गालिबाफ से मुलाकात की।
इस दौरान पेजेश्किया ने कहा, "आज हमारा देश अमेरिका पर भरोसा नहीं करता। उसे लगता है कि अगर हम बातचीत में शामिल हुए तो वे (अमेरिकी) हम पर फिर से हमला करेंगे।"
गालिबाफ ने कहा, "अमेरिका ईरान का विश्वास तब तक हासिल नहीं कर सकता जब तक वह सातों शर्तें पूरी नहीं करता।"