Page Loader
महिलाओं के लिए घर सबसे असुरक्षित जगह, उनके करीबी सबसे बड़े दुश्मन; UN रिपोर्ट में खुलासा
महिलाओं के लिए घर बनी सबसे असुरक्षित जगह

महिलाओं के लिए घर सबसे असुरक्षित जगह, उनके करीबी सबसे बड़े दुश्मन; UN रिपोर्ट में खुलासा

लेखन गजेंद्र
Nov 25, 2024
03:27 pm

क्या है खबर?

महिलाओं की सुरक्षा को लेकर संयुक्त राष्ट्र महिला और संयुक्त राष्ट्र मादक पदार्थ और अपराध कार्यालय (UNODC) की संयुक्त रिपोर्ट ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2023 में औसतन रोजाना 140 महिलाओं और लड़कियों की साथी या परिवार के सदस्यों द्वारा हत्या की गई। 2023 में पुरुषों द्वारा जानबूझकर मारी गईं 85,000 महिलाओं में लगभग 60 प्रतिशत यानी 51,100 महिलाओं की हत्या उनके करीबी द्वारा की गई थी।

खुलासा

अफ्रीका में सबसे अधिक मामले

रिपोर्ट में पता चला कि अफ्रीका में अंतरंग साथी और परिवार से संबंधित महिला हत्याओं की दर सबसे अधिक थी, जहां अनुमानित 21,700 पीड़ित थे। अमेरिका और ओशिनिया के देश दूसरे स्थान पर हैं। आंकड़ों से पता चला कि यद्यपि वैश्विक स्तर पर हत्या के शिकार लोगों में 80 प्रतिशत पुरुष हैं। हालांकि, इनमें से केवल 12 प्रतिशत मौतें परिवारों में होती हैं। लगभग 60 प्रतिशत महिलाओं की हत्या उनके अंतरंग साथी या परिवार के सदस्यों द्वारा की जाती है।

चिंता

संयुक्त राष्ट्र का क्या कहना है?

संयुक्त राष्ट्र महिला की उप कार्यकारी निदेशक न्यारादजायी गुम्बोनज़्वांडा ने निष्कर्षों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आंकड़े बता रहे हैं कि महिलाओं के जीवन का निजी और घरेलू क्षेत्र, जहां उन्हें सबसे सुरक्षित होना चाहिए, वहां उनमें से कई को घातक हिंसा का सामना करना पड़ रहा है। रिपोर्ट में इस बात पर भी चिंता जताई गई है कि वैश्विक स्तर पर खराब डेटा संग्रहण के कारण कई महिलाओं की हत्याएं दर्ज नहीं हो पाती हैं।