यूक्रेन ने रूस के तातारस्तान में किया बड़ा ड्रोन हमला; 12 की मौत, 39 घायल
क्या है खबर?
रूस के तातारस्तान प्रांत के निजनीकैमस्क शहर में सोमवार को यूक्रेन ने एक बड़ा और घातक ड्रोन हमला किया है। शहर के मेयर राडमिर बेल्यायेव के अनुसार, इस हमले में औद्योगिक और नागरिक ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिसमें कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और 39 अन्य घायल हुए हैं। इसके बाद निजनीकैमस्क प्रशासन ने आवश्यक कदम उठाते हुए घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
निशाना
रूस की सबसे उन्नत तानेको रिफाइनरी को बनाया निशाना
रूसी मीडिया के मुताबिक, यूक्रेनी ड्रोनों ने सीधे तौर पर तातनेफ्ट की 'तानेको तेल रिफाइनरी' को निशाना बनाया, जो रूस की सबसे आधुनिक और तकनीकी रूप से उन्नत तेल रिफाइनरियों में से एक है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ अपुष्ट वीडियो में रिफाइनरी परिसर से धुएं का भारी गुबार उठता हुआ देखा जा सकता है।
यह रिफाइनरी रूसी अर्थव्यवस्था और ईंधन आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इस पर हमले से रूस की बड़ा झटका लगा है।
उत्पादन
साल 2024 में रिफाइनरी ने 17 करोड़ टन कच्चा तेल किया था साफ
साल 2024 में इस रिफाइनरी ने 1.7 करोड़ टन कच्चे तेल को साफ किया था। यहां से सालाना 27 लाख टन पेट्रोल और 85 लाख टन डीजल का उत्पादन होता है।
इससे पहले इसी साल जून की शुरुआत में भी यूक्रेन ने इसी तानेको रिफाइनरी को निशाना बनाने की कोशिश की थी।
इस हमले और जान-माल के भारी नुकसान के बाद तातारस्तान के प्रमुख रुस्तम मिन्निआनोव ने पूरे प्रांत में राजकीय शोक की घोषणा की है।
रणनीति
यूक्रेन ने बनाई रूस में ईंधन संकट पैदा करने की रणनीति
पिछले कुछ महीनों में यूक्रेन ने रूसी सीमा के काफी अंदर घुसकर तेल रिफाइनरियों और ऊर्जा केंद्रों पर अपने हवाई और ड्रोन हमलों को काफी तेज कर दिया है।
यूक्रेन का उद्देश्य रूस के आर्थिक तंत्र को चोट पहुंचाना और उनकी सैन्य रसद को कमजोर करना है।
यूक्रेन के इस अभियान के कारण हाल के दिनों में रूस के कई हिस्सों में अस्थायी रूप से ईंधन की भारी किल्लत देखी गई थी।
हालांकि, रूसी अधिकारियों ने इससे इनकार किया है।