यूक्रेन का अपना मिसाइल गेमचेंजर: पहली बार FP-7 का इस्तेमाल, रूस के लिए बढ़ा सिरदर्द
यूक्रेन ने युद्ध में पहली बार अपनी खुद की FP-7 बैलिस्टिक मिसाइल का इस्तेमाल किया है। यह उसकी अपनी रक्षा तकनीक को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेन्स्की ने मिसाइल लॉन्च की पुष्टि तो की, लेकिन इसके लक्ष्य के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी। FP-7 मिसाइल को यूक्रेनी कंपनी फायर पॉइंट ने तैयार किया है। इस कदम से पता चलता है कि रूस के साथ लगातार बढ़ते तनाव के बीच यूक्रेन पश्चिमी देशों के हथियारों पर अपनी निर्भरता कम करना चाहता है।
FP-7 की मारक क्षमता 249 किलोमीटर
FP-7 मिसाइल 249 किलोमीटर तक के लक्ष्यों को निशाना बना सकती है। यह अपने साथ 440 पाउंड तक का पेलोड ले जा सकती है, जिसका मुख्य मकसद यूक्रेन के करीब मौजूद रूसी ठिकानों को निशाना बनाना है। इस मिसाइल का उपयोग रूसी मिसाइल लॉन्चरों पर हमला करने के लिए भी किया जा सकता है। इससे महंगे इंटरसेप्टर पर होने वाले खर्च में बचत होगी। भविष्य की बात करें तो फायर पॉइंट कंपनी लंबी दूरी की FP-9 मिसाइल पर काम कर रही है। इस मिसाइल को मॉस्को तक मार करने के लिए बनाया जा रहा है और 2026 के आखिर तक इसके तैयार होने की उम्मीद है।