फ्लाईदुबई विमान को सुरक्षित उतारने वाले जाबांज पायलटों को UAE सरकार ने किया सम्मानित
क्या है खबर?
फ्लाईदुबई विमान के कॉकपिट में सह-पायलट द्वारा मुख्य भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर कुल्हाड़ी से किए गए जानलेवा हमले के सनसनीखेज मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। इस भयानक हादसे के बाद विमान को सुरक्षित उतारने वाले अतिरिक्त चालक दल के 2 पायलटों के नामों का खुलासा करते हुए संयुक्त अरब अमीरात (UAE) सरकार ने उन्हें शीर्ष राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया है। इनमें एक पायलट दक्षिण अफ्रीका के दिवंगत क्रिकेटर बैरी टूथ के बेटे रोवन टूथ हैं।
सम्मान
पायलटों को 'फर्स्ट क्लास ऑर्डर ऑफ जायद II' से किया सम्मानित
विमान को सुरक्षित उतारने वाले रोवन पहले दक्षिण अफ्रीकी एयरलाइन 'एयरलिंक' में कार्यरत थे। दूसरे पायलट फिजी निवासी हेन्सन स्टीवन पहले फिजी एयरवेज में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
27 अक्टूबर को आयोजित समारोह में इन दोनों पायलटों को सम्मानित किया गया।
दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने दोनों पायलटों के साथ गंभीर रूप से घायल हुए भारतीय कैप्टन मच्छार को प्रतिष्ठित 'फर्स्ट क्लास ऑर्डर ऑफ जायद II' मेडल से सम्मानित किया।
बहादुरी
पायलटों ने कैसे बचाई यात्रियों की जान?
उसी विमान में अतिरिक्त चालक दल के सदस्य के रूप में यात्रा कर रहे दक्षिण अफ्रीका के रोवन और हेन्सन तुरंत हरकत में आए।
वे कॉकपिट में घुसे, उन्होंने घायल कैप्टन को संभाला और क्षतिग्रस्त हो चुके विमान का पूरा नियंत्रण अपने हाथों में ले लिया।
उनकी त्वरित सूझबूझ के चलते विमान को सऊदी अरब के एक नजदीकी हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से इमरजेंसी लैंड कराया गया, जिससे सैकड़ों यात्रियों की जान बच गई।
पृष्ठभूमि
क्या थी फ्लाईदुबई विमान की घटना?
यह घटना 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की उड़ान संख्या FZ1073 में घटित हुई थी।
बोइंग 737 विमान जब हवा में था, तभी ओमान के रहने वाले सह-पायलट हम्माम अल-हम्मामी ने अचानक आपातकालीन कुल्हाड़ी से मुख्य भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और भारी मात्रा में खून बह गया।
इस दौरान विमान महज 30 सेकंड में करीब 16,000 फीट नीचे गिर गया था और उसके रडर को भी नुकसान पहुंचा था।