तुर्की में 1 नवंबर से बच्चे नहीं कर पाएंगे सोशल मीडिया का इस्तेमाल, क्या सुरक्षा के नाम पर छिन रही आजादी?
तुर्की में 1 नवंबर से 15 साल से कम उम्र के लोग सोशल मीडिया का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। इस साल अप्रैल में एक नया कानून पास किया गया है। इस कानून के तहत, सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को अपने यूजर्स की उम्र की जांच करनी होगी। उन्हें बच्चों की सुरक्षा के लिए जरूरी तकनीकी और प्रशासनिक उपाय करने होंगे, जिसमें उम्र की पुष्टि भी शामिल है। इस पूरे कदम का मुख्य मकसद बच्चों को ऑनलाइन खतरों से बचाना और उन्हें सुरक्षित रखना है।
दुनिया में बढ़ रही बच्चों की सुरक्षा की मांग
तुर्की का यह कदम दुनिया भर में बच्चों को ऑनलाइन सुरक्षित रखने के बढ़ते अभियान का हिस्सा है। ऑस्ट्रेलिया में ऐसे ही नियम पहले से लागू हैं और यूनाइटेड किंगडम (UK) तथा फ्रांस भी भविष्य में ऐसा कर सकते हैं। कुछ मानवाधिकार संगठनों को यह डर है कि इससे सरकार की बोलने की आजादी पर पकड़ और मजबूत हो सकती है। यह चिंता इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि तुर्की ने पिछले कुछ हफ्तों में कई सोशल मीडिया अकाउंट्स को ब्लॉक कर दिया है।