खार्ग द्वीप पर कब्जा कर सकता है अमेरिका, डोनाल्ड ट्रंप बोले- ईरान से तेल छीनना पसंद
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में जमीन पर सैनिक उतारने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि वे ईरान में तेल पर कब्जा करना पसंद करेंगे। ट्रंप ने ईरान की अर्थव्यवस्था के लिए अहम खार्ग द्वीप पर कब्जा करने की भी बात कही है। उन्होंने कहा, "हो सकता है हम खार्ग द्वीप पर कब्जा कर लें, हो सकता है न करें। इसका मतलब यह भी होगा कि हमें वहां कुछ समय के लिए रहना होगा।"
बयान
ट्रंप बोले- मुझे ईरान से तेल छीनना सबसे ज्यादा पंसद
फाइनेंशियल टाइम्स से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, "सच कहूं तो मेरी सबसे पसंदीदा चीज ईरान से तेल छीनना है, लेकिन अमेरिका में कुछ बेवकूफ लोग कहते हैं- 'आप ऐसा क्यों कर रहे हैं?' लेकिन वे बेवकूफ लोग हैं। हमारे पास कई विकल्प हैं।" जिसने क्षेत्रीय तनाव को बढ़ा दिया है और वैश्विक तेल की कीमतों में भारी उछाल ला दिया है। आज एशियाई कारोबार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 116 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर चढ़ गई।
खार्ग द्वीप
ट्रंप ने कहा- खार्ग द्वीप पर आसानी से कब्जा कर सकते हैं
ट्रंप ने खार्ग द्वीप पर कब्जे को लेकर कहा कि अमेरिका के पास कई सैन्य विकल्प मौजूद हैं। खार्ग पर ईरान की रक्षा व्यवस्था के बारे में पूछने पर ट्रंप ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि उनके पास कोई रक्षा व्यवस्था है। हम इसे बहुत आसानी से अपने कब्जे में ले सकते हैं।" ईरान का करीब 90 प्रतिशत तेल निर्यात खार्ग द्वीप के जरिए होता है। ऐसे में यहां कब्जा ईरान के लिए भारी नुकसान होगा।
रिपोर्ट
ट्रंप ने 10,000 सैनिकों की तैनाती का आदेश दिया- रिपोर्ट
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने ईरान में संभावित जमीनी अभियान के लिए 10,000 सैनिकों की तैनाती का आदेश दे दिया है। इनमें से 2,200 मरीन को मिलाकर कुल 3,500 कर्मी बीते दिन USS त्रिपोली पर सवार होकर पश्चिम एशिया पहुंच चुके हैं। इस जहाज पर कई आधुनिक लड़ाकू विमान भी तैनात हैं। वहीं, करीब 2,200 मरीन जल्द पश्चिम एशिया पहुंच सकते हैं। ट्रंप ने 82वीं एयरबोर्न डिवीजन के हजारों और सैनिकों को भी तैनात करने का आदेश दिया है।
युद्धविराम
युद्धविराम को लेकर ट्रंप ने क्या कहा?
युद्धविराम और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के बारे में ट्रंप ने कोई जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा, "हमारे पास लगभग 3,000 लक्ष्य बचे हैं, हमने 13,000 लक्ष्यों पर बमबारी कर दी है। अभी कुछ हजार लक्ष्य और बाकी हैं। समझौता काफी जल्दी हो सकता है।" ट्रंप ने कहा कि ईरान ने अमेरिकी ध्वज वाले 20 और जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से निकलने दिया है, जिसकी अनुमति ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गालिबाफ ने दी।