स्पेन में सरकारी पेंशन सुविधा को बचाने के लिए लोग सड़कों पर उतरे, चुनाव में बड़ा मुद्दा
स्पेन में बढ़ती जीवन-यापन लागत के बीच सरकारी पेंशन व्यवस्था को बनाए रखने की मांग को लेकर मैड्रिड की सड़कों पर करीब ढाई लाख लोग उतर आए।
एक बड़े चुनाव से ठीक पहले यह विशाल रैली निकाली गई। प्रदर्शनकारियों के हाथों में 'हमारी पेंशन बचाओ और उसकी गारंटी दो' जैसे नारे लिखे बैनर थे।
बता दें कि स्पेन में अगले महीने आम चुनाव होने हैं, जिससे पहले देश भर के प्रदर्शनकारी मैड्रिड में मार्च कर रहे हैं। यह मुद्दा चुनाव मं बड़ा हो गया है।
पेंशन को महंगाई से जोड़ने के मुद्दे पर स्पेन की पार्टियों में मतभेद
इस विरोध प्रदर्शन ने स्पेन की सत्ताधारी सोशलिस्ट पार्टी और विपक्षी पॉपुलर पार्टी (PP) के बीच बढ़ती दरार को सामने ला दिया।
प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने पीपी पर आरोप लगाया कि वह उस नियम को खतरा पहुंचा रही है, जिसके तहत पेंशन को महंगाई से जोड़ा जाता है।
इस नीति को बहुत से लोग बेहद महत्वपूर्ण मानते हैं। दूसरी ओर, PP के नेता अल्बर्टो नुनेज फीजू ने यह वादा किया कि अगर उनकी पार्टी नवंबर में होने वाले चुनाव जीतती है, तो वे स्पेन के 68 लाख सरकारी पेंशन पाने वालों के लिए पेंशन को महंगाई से जोड़े रखेंगे।