उदित नारायण-कुमार सानू 21 साल बाद फिर साथ आए, सनी देओल की फिल्म में मचाएंगे धमाल
क्या है खबर?
90 के दशक के मशहूर गायक उदित नारायण और कुमार सानू एक नए गाने के लिए फिर साथ आ रहे हैं। दोनों दिग्गज गायकों को एक बार फिर साथ सुनने का फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। इससे पहले उदित और सानू ने 2005 में रिलीज हुई फिल्म 'नो एंट्री' के गाने 'कहां हो तुम' के लिए साथ अपनी आवाज दी थी। ऐसे में उनकी इस वापसी से फैंस काफी उत्साहित हैं।
आवाज
सनी की फिल्म के लिए उदित और सानू ने दी अपनी आवाज
'वैरायटी इंडिया' की रिपोर्ट के मुताबिक, उदित और सानू सनी देओल की आगामी फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' के पहले गाने 'सुनियो जरा' में साथ नजर आएंगे।
दोस्ती पर आधारित इस गाने में सनी और रवि किशन सहित फिल्म के अन्य कलाकार भी दिखाई देंगे। इस गाने में दोनों गायकों के साथ अनुपम अमोद भी अपनी आवाज देंगे।
इसके बोल प्रिया सरैया ने लिखे हैं, जो संगीतकार जिगर सरैया की पत्नी हैं।
रिलीज
कब रिलीज होगी सनी की फिल्म?
करीब 21 साल बाद उदित और सानू 'सुनियो जरा' गाने के लिए फिर साथ आए हैं। उनका यह साथ आना इसलिए भी खास है, क्योंकि करीब 24 साल बाद दोनों सनी के साथ किसी फिल्म में काम कर रहे हैं।
इससे पहले उदित और सानू ने सनी की 2002 में रिलीज हुई फिल्म 'कर्ज: द बर्डन ऑफ ट्रुथ' के लिए गाना गाया था।
बता दें सनी की फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' 20 नवंबर 2026 को रिलीज होगी।