बलूचिस्तान की गोर्ग नदी में 3 अफगानियों के 3 दिन पुराने शव मिले
पाकिस्तान में बलूचिस्तान के तुरबत में गोर्ग नदी से 3 अफगानियों के शव मिलने से सनसनी फैल गई हैं। ये शव कम से कम 3 दिन पुराने बताए जा रहे हैं।
घटना में एक चौथा अफगानी नागरिक घायल अवस्था में मिला है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतकों की पहचान अफगान नागरिक सलीम, शेर आगा खान और नजीबुद्दीन के रूप में हुई है। इनके पास से दस्तावेज मिले हैं।
अफगानियों के शव मिलने पर अभी तक पाकिस्तान या अफगानिस्तान की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है।
बलूचिस्तान में अफगानियों के निर्वासन के बीच तुरबत पुलिस कर रही है जांच
तुरबत की पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर ये लोग नदी तक कैसे पहुंचे और उनकी मौत कैसे हुई। अधिकारियों को उम्मीद है कि घायल व्यक्ति से पूछताछ के बाद उन्हें मामले से जुड़ी और जानकारी मिल पाएगी।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार तनाव चल रहा है और बलूचिस्तान में अवैध रूप से रह रहे अफगानियों को वापस भेजने की कार्रवाई तेज की जा रही है।
पिछले साल से अब तक बलूचिस्तान से हजारों अफगान नागरिकों को स्वदेश वापस लाया जा चुका है।