पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में तीसरे दिन भी बवाल, पुलिस और PTI समर्थकों में झड़प
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में लगातार तीसरे दिन लोग आपातकालीन और गवर्नर शासन के खिलाफ सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
बारा और तिराह इलाकों में हालात काफी तनावपूर्ण हो गए, जहां पुलिस और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के समर्थकों के बीच झड़प हो रही है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया और हवाई फायरिंग भी हुई, जिससे कम से कम 15 प्रदर्शनकारी घायल हो गए। कई प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है।
बता दें कि खैबर पख्तूनख्वा में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। यहां पाकिस्तानी तालिबानी धमाकों को अंजाम दे रहे हैं, जबकि सुरक्षा बल उनका मुकाबला कर रहे हैं।
PTI समर्थकों ने सोहेल अफरीदी की गिरफ्तारी का विरोध किया
इन विरोध प्रदर्शनों का नेतृत्व मुख्य रूप से PTI समर्थक कर रहे हैं। उनका मानना है कि पाकिस्तानी सरकार ने मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी को गिरफ्तार करके और उसके हालिया कदम उनके प्रांत की स्वायत्तता पर सीधा हमला हैं।
कई लोग इसे राजनीतिक विरोध को दबाने और स्थानीय नेतृत्व को कमजोर करने की कोशिश के तौर पर देख रहे हैं। ऐसे में दोनों पक्षों के अपनी-अपनी बात पर अड़े रहने से इलाके में तनाव लगातार बना हुआ है।
बता दें कि राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने संघीय मंत्रिमंडल द्वारा रविवार, 11 अक्टूबर को आपातकाल के फैसले को अपनी मंजूरी दी थी।
राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि यह कदम पाकिस्तान के संविधान के अनुच्छेद 232 और 234 के तहत उठाया गया है, जो विशिष्ट परिस्थितियों में आपातकालीन शक्तियों का प्रावधान करते हैं।