पाकिस्तान: इमरान खान अपनी बहनों से बोले- मेरी हत्या की साजिश रची जा रही
क्या है खबर?
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और क्रिकेटर इमरान खान जेल में बंद हैं। उनकी सेहत को लेकर चिंताजनक खबरें सामने आ रही हैं। इस बीच उनकी बहनों ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन और देश के गृह मंत्री मोहसिन नकवी उन्हें धमका रहे हैं। इमरान की बहनों- डॉक्टर उज्मा खान और अलीमा खान ने दावा किया कि जेल में बंद इमरान की हत्या की 'साजिश' रची जा रही है।
दावा
इमरान की बहन बोलीं- असिम मुनीर शासन उन्हें मारना चाहता है
उज्मा ने बताया कि हाल ही में जेल में हुई मुलाकात के दौरान इमरान ने उनसे कहा, "ये लोग मुझे मार डालेंगे, मेरी हत्या की योजना बना ली है।" बहनों का आरोप है कि 'असीम मुनीर शासन' इमरान को मारना चाहता है। उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि मोहसिन नकवी उन्हें धमकियां दे रहे हैं। उज्मा ने कहा, "अगर इमरान या हमें कुछ हुआ, तो हम किसी की आने वाली पीढ़ियों को भी नहीं बख्शेंगे।"
मांग
बहनों का आरोप- निजी डॉक्टर की मांग खारिज की
उजमा और अलीमा ने कहा कि उन्होंने इमरान की जांच उनके निजी डॉक्टर से करने को कहा था, लेकिन प्रशासन ने ये मांग खारिज कर दी। उन्होंने कहा, "सरकार ने हमारे डॉक्टरों के बताए विशेषज्ञों को खारिज कर दिया, इसलिए उन्हें दूसरे नाम दिए गए। फिर हमने परिवार का प्रतिनिधित्व करने के लिए अपने भाई नौशेरवान बुर्की का नाम आगे किया। हम बहुत परेशान हैं कि उन्होंने उसका नाम भी खारिज कर दिया। यह मंजूर नहीं है!"
आंख
14 पूर्व क्रिकेट कप्तानों ने पाकिस्तानी सरकार को लिखी चिट्ठी
इमरान की एक बहन नरीन का कहना है कि इमरान की दाईं आंख की रोशनी लगभग 85 प्रतिशत तक खत्म हो गई है। परिवार के अनुसार, इमरान को आंख की नसों में ब्लॉकेज हुआ है, जिसका इलाज जेल में मुमकिन नहीं है। वहीं, इमरान की सुरक्षा और सेहत को लेकर वसीम अकरम, ग्रेग चैपल, बेलिंडा क्लार्क, माइकल एथरटन, वकार यूनुस, सुनील गावस्कर और कपिल देव समेत 14 अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार को पत्र लिखा है।
अस्पताल
इमरान को अस्पताल शिफ्ट कर सकती है सरकार
इमरान को इसी हफ्ते जेल से अस्पताल शिफ्ट किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि इमरान की आंख का इलाज 21 से 26 फरवरी के बीच होना है। ऐसे में जेल प्रशासन उनको हॉस्पिटल ले जाने की तैयारी कर रहा है। हाल ही में पाकिस्तान सरकार में मंत्री डॉक्टर तारिक फजल चौधरी ने कहा था कि इमरान की सेहत को देखते हुए उन्हें अस्पताल ले जाने और मेडिकल बोर्ड बनाने का फैसला लिया गया है।