अमेरिका के एक संसदीय पैनल ने अमेरिका और भारत से अगले दलाई लामा के चुनाव प्रक्रिया पर मिलकर काम करने को कहा है, ताकि चीन के किसी भी हस्तक्षेप को रोका जा सके।
इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि 14वें दलाई लामा के उत्तराधिकार चुनने की प्रक्रिया निष्पक्ष और विश्वसनीय बनी रहे।
बता दें कि चीन उत्तराधिकार प्रक्रिया के परिणाम को अपनी मर्जी से बदलने के लिए दबाव बनाने वाले तरीकों का इस्तेमाल कर सकता है।
पैनल ने चीन द्वारा चुने गए दलाई लामा को अस्वीकार करने का आग्रह किया
पैनल ने अमेरिकी कांग्रेस से आग्रह किया है कि वह चीन द्वारा चुने गए किसी भी दलाई लामा को स्वीकार न करे, और यह भी चाहता है कि अमेरिका के शीर्ष अधिकारी विभिन्न परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार रहें।
पैनल ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर काम करने, सेंट्रल तिब्बतन एडमिनिस्ट्रेशन की साइबर सिक्योरिटी को बढ़ावा देने और गादेन फोडरंग ट्रस्ट को ही अगले दलाई लामा के चुनाव में एकमात्र असली अधिकार रखने वाले समूह के रूप में मान्यता देने की भी सिफारिश की है।