Loading...
मेटा AI प्रमुख ने दी चेतावनी, जल्द इंसानी दिमाग से आगे निकल सकती हैं मशीनें
मेटा AI प्रमुख ने दी चेतावनी

मेटा AI प्रमुख ने दी चेतावनी, जल्द इंसानी दिमाग से आगे निकल सकती हैं मशीनें

Nov 23, 2026
11:27 am

क्या है खबर?

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती ताकत को लेकर मेटा के AI प्रमुख एलेक्जेंडर वांग ने चिंता जताई है। उनका मानना है कि दुनिया ऐसे दौर के करीब पहुंच रही है, जहां मशीनें इंसानों से कहीं ज्यादा समझदार हो सकती हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने कहा कि आने वाला साल इस लिहाज से बेहद अहम रहेगा। इस दौरान लिए गए फैसले तय करेंगे कि AI का बढ़ता प्रभाव मानवता के हित में होगा या नई मुश्किलें खड़ी करेगा।

रीमैन हाइपोथीसिस

रीमैन हाइपोथीसिस को लेकर सामने आई उपलब्धि का किया जिक्र

वांग ने गणित की चर्चित समस्या रीमैन हाइपोथीसिस के कथित प्रमाण को AI की बढ़ती क्षमता का उदाहरण बताया है।

यह गणित की उन समस्याओं में शामिल है, जिन्हें लंबे समय से हल करने की कोशिश की जा रही है। उनके मुताबिक, इस दिशा में AI की उपलब्धि दिखाती है कि मशीनें अब बेहद जटिल बौद्धिक काम भी कर सकती हैं।

उन्होंने इसे एक ऐसे बदलाव की शुरुआत बताया, जिसमें AI की क्षमताएं इंसानी समझ से आगे जा सकती हैं।

पेशा

कई पेशों में इंसानी विशेषज्ञों को पीछे छोड़ सकता है AI

वांग के मुताबिक, AI अब कोड लिखने, साइबर सुरक्षा से जुड़े काम करने और कारोबारी समस्याएं सुलझाने में तेजी से बेहतर हो रहा है।

उन्होंने कहा कि मशीनों की आगे की प्रगति में अब बुद्धिमत्ता सबसे बड़ी बाधा नहीं रह गई है। इसके बजाय किसी क्षेत्र की विशेष जानकारी, जरूरी संसाधन और प्रयोग करने की क्षमता अधिक महत्वपूर्ण होगी।

AI भविष्य में विज्ञान, कारोबार और दूसरे क्षेत्रों में नई खोजों और विकास का बड़ा माध्यम बन सकता है।

ADVERTISEMENT

क्षमता

खुद को विकसित करने की क्षमता भी हासिल कर सकता है AI

वांग ने कहा कि आने वाले समय में AI इतना सक्षम हो सकता है कि वह अपने ही विकास से जुड़े शोध को आगे बढ़ाने लगे।

इससे चिकित्सा विज्ञान, जैविक शोध, हथियारों और अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों में भी बदलाव की रफ्तार तेज हो सकती है। उन्होंने आगाह किया कि अगर तकनीकी विकास इंसानों की समझ से तेज हो गया, तो उसके नतीजों पर नजर रखना कठिन होगा।

ऐसे में मशीनों की गतिविधियों को समझने और निगरानी करने की चुनौती बढ़ेगी।

ADVERTISEMENT

भागीदारी

AI का भविष्य तय करने में इंसानों की भागीदारी जरूरी

मेटा के AI प्रमुख ने कहा कि कंपनियों को सिर्फ शक्तिशाली मशीनें बनाने पर ध्यान नहीं देना चाहिए, बल्कि यह भी सोचना चाहिए कि उनका इस्तेमाल किस तरह होगा।

उन्होंने ऐसी व्यवस्था बनाने की जरूरत बताई, जिसमें इंसानों का तकनीक पर नियंत्रण बना रहे।

वांग के मुताबिक, AI का विकास ऐसा होना चाहिए जिससे लोगों की निर्णय लेने की क्षमता और स्वतंत्रता बढ़े। समाज को अपना भविष्य पूरी तरह मशीनों के भरोसे नहीं छोड़ना चाहिए।

ADVERTISEMENT