संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका-क्यूबा की तीखी झड़प, मानवाधिकार पर तकरार
अमेरिका के न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में उस वक्त माहौल गरमा गया, जब अमेरिकी और क्यूबा के अधिकारियों के बीच क्यूबा के मानवाधिकार रिकॉर्ड को लेकर तीखी बहस हुई।
इस बैठक में क्यूबा के कुछ असंतुष्ट लोग भी शामिल थे। बैठक खत्म होते ही, जब अमेरिकी राजदूत माइक वॉल्ट्ज वहां से निकल रहे थे, तब क्यूबा और अमेरिकी राजदूतों के बीच जोरदार बहस छिड़ गई।
क्यूबा के राजदूत अर्नेस्टो सोबेरॉन गुजमैन और दूसरे प्रतिनिधि वाल्ट्ज पर चिल्लाने लगे।
दशकों पुराने अमेरिकी प्रतिबंधों पर संयुक्त राष्ट्र में मतदान
यह टकराव 27-28 अक्टूबर को संयुक्त राष्ट्र में होने वाली एक अहम वोटिंग से ठीक पहले हुआ है। इस वोटिंग में क्यूबा पर लगे दशकों पुराने अमेरिकी व्यापार प्रतिबंधों को खत्म करने पर विचार किया जाएगा।
अमेरिका ने इस दौरान क्यूबा पर आरोप लगाया कि उसने बैठक में आए लोगों को परेशान किया और संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों की आड़ लेकर खुद का बचाव कर रहा है।
इसके जवाब में क्यूबा ने भी पलटवार करते हुए कहा कि अमेरिकी प्रतिबंध आम क्यूबाई लोगों की जिंदगी बहुत मुश्किल बना रहे हैं, खासकर तब, जब अमेरिका की तेल नाकाबंदी के चलते ज़रूरी चीजों की कमी और महंगाई ने लोगों को बेहाल कर रखा है।