अमेरिका ने रूसी तेल खरीदने वालों पर प्रस्तावित 100 प्रतिशत टैरिफ पर लगाई रोक, भारत को राहत
अमेरिका ने रूसी तेल खरीदने वालों पर प्रस्तावित 100% टैरिफ पर फिलहाल रोक लगा दी है। यह भारत के लिए कुछ राहत भरी खबर है, क्योंकि भारत बड़ी मात्रा में रूस से तेल आयात करता है। हालांकि, यह राहत ज़्यादा समय तक नहीं रह सकती। विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका नए प्रतिबंध कानूनों के तहत इन शुल्कों को कभी भी दोबारा लगा सकता है। ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव (GTRI) के संस्थापक अजय श्रीवास्तव ने इस बारे में कहा, "भारत के लिए यह छूट कुछ वक्त की राहत तो है, लेकिन इससे कोई स्थायी भरोसा नहीं मिलता। भारत को अपनी ऊर्जा सुरक्षा का पूरा ध्यान रखना चाहिए, व्यावसायिक शर्तों पर तेल खरीदना चाहिए और अमेरिका के नए सिरे से पड़ने वाले दबाव के लिए तैयार रहना चाहिए। सिर्फ अस्थायी शुल्क में छूट के आधार पर स्थायी व्यापार रियायतों की उम्मीद नहीं की जा सकती।"
GTRI ने दी यह खास सलाह
GTRI का सुझाव है कि भारत अपनी तेल खरीदने की रणनीति को लचीला बनाए रखे और अमेरिका के रुख में दोबारा बदलाव आने पर पहले से तैयार रहे। GTRI ने यह भी कहा है कि भारत को रूस के साथ सही और निष्पक्ष सौदे करने चाहिए, ताकि वाशिंगटन के संभावित दबाव से बचा जा सके। साथ ही, अमेरिका के साथ चल रही बातचीत के दौरान भी भारत की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत बनी रहे।