IPL 2027: क्या CSK के मेंटर बनेंगे महेंद्र सिंह धोनी? रविचंद्रन अश्विन ने दिया बड़ा संकेत
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने संकेत दिया है कि चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) सत्र में टीम के मेंटर की भूमिका निभा सकते हैं। अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए अश्विन ने जहीर खान के मुख्य कोच बनने के बाद CSK में संभावित बदलावों और टीम के भीतर बनने वाले नए समीकरणों पर चर्चा की। CSK का पिछले कुछ संस्करण में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है।
बयान
अश्विन ने क्या कहा?
अश्विन ने कहा, "नए कोचिंग स्टाफ के साथ धोनी, जहीर खान और रुतुराज गायकवाड़ के बीच तालमेल देखना दिलचस्प होगा। धोनी संभवतः मेंटर की भूमिका निभाएंगे। ऐसे में यह देखना रोचक होगा कि गायकवाड़ जहीर के साथ किस तरह काम करते हैं या फिर किसी सलाह के लिए धोनी के पास जाते हैं।"
अश्विन ने लंबे समय तक मुख्य कोच रहे स्टीफन फ्लेमिंग के जाने पर भी अपनी बार रखी।
दिग्गज
फ्लेमिंग को लेकर ये बोले अश्विन
अश्विन ने आगे कहा, "ऐसा लगता है कि फ्लेमिंग ने खुद को धोनी के हिसाब से ढाल लिया था। वह धोनी की जरूरतों के मुताबिक बिल्कुल सटीक बैठते थे। ऐसे में यह देखकर हैरानी होती है कि CSK को लगा कि फ्लेमिंग 2 से 3 साल बाद नए कप्तान के साथ तालमेल नहीं बिठा सके। फ्लेमिंग का काम करने का तरीका टीम और कप्तान की जरूरतों के मुताबिक खुद को ढालना रहा है।"
चुनौती
जहीर के सामने CSK को पुनर्जीवित करने की बड़ी चुनौती
CSK के मुख्य कोच के रूप में जहीर का यह कार्यकाल सबसे कठिन परीक्षा माना जा रहा है।
उनके सामने फ्लेमिंग की एक बेहद समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी है, जिन्होंने 16 वर्षों में टीम को 5 IPL खिताब दिलाए।
लगातार 3 सीजन से प्लेऑफ की दौड़ से बाहर रहने वाली CSK की टीम में इस समय गायकवाड़ के नए नेतृत्व को निखारने और धोनी की अनिश्चितता को सुलझाने की बड़ी चुनौतियां हैं।