अमेरिका ने गुप्त परमाणु विस्फोटों का पता लगाने के लिए नेवादा में किया बड़ा प्रयोग
अमेरिका ने गुप्त परमाणु विस्फोटों का पता लगाने की अपनी क्षमता को और बेहतर बनाने के लिए हाल ही में नेवादा नेशनल सिक्योरिटी साइट पर एक बड़ा प्रयोग किया है।
बताया जा रहा है कि अमेरिकी राष्ट्रीय परमाणु सुरक्षा प्रशासन ने 30 सितंबर को रासायनिक विस्फोटकों की मदद से यह परीक्षण किया, जो छोटे या छिपे हुए परमाणु विस्फोटों को पहचानने के तरीके को और सटीक बनाने पर केंद्रित है।
बता दें कि चीन पर 2020 में गुपचुप तरीके से परमाणु परीक्षण करने के आरोप लगे थे, तभी से अमेरिका ऐसे प्रयोग को सफल करने की कोशिश में जुटा है। हालांकि, चीन इन आरोपों से इनकार करता रहा है।
अमेरिका ने डिकपल्ड विस्फोटों के लिए एल्गोरिदम को परिष्कृत किया
यह प्रयोग पहचान करने वाले एल्गोरिदम को और भी स्मार्ट बनाने पर केंद्रित था। खासकर, 'डिकपल्ड' विस्फोटों का पता लगाने के लिए यह महत्वपूर्ण बताया जा रहा है।
'डिकपल्ड' विस्फोट एक ऐसी चालाक तकनीक है जिससे परमाणु धमाकों को भूकंप सेंसर से छुपाया जा सकता है और चीन पर ऐसी तकनीक का इस्तेमाल करने का संदेह है।
इस प्रयोग से मिलने वाले डेटा का इस्तेमाल वैज्ञानिक मॉडलों को परखने और उन एल्गोरिदम को बेहतर बनाने में किया जाएगा, जो अमेरिका के लिए परमाणु विस्फोटों का पता लगाने के प्रयासों में बेहद जरूरी हैं।
बढ़ती वैश्विक तनाव के बीच परमाणु खतरों से एक कदम आगे रहने के लिए यह एक महत्वपूर्ण पहल है।