ट्रंप प्रशासन का नया दांव: गर्भवती कर्मचारियों की मुश्किलें बढ़ाने की तैयारी?
अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन गर्भवती कर्मचारियों के लिए निष्पक्षता अधिनियम (PWFA) में कुछ बड़े बदलावों पर विचार कर रहा है। इन बदलावों के बाद गर्भवती कर्मचारियों को काम की जगह पर मिलने वाली सुविधाएं हासिल करना और मुश्किल हो सकता है। इसमें काम के दौरान ब्रेक, अपनी जरूरत के हिसाब से काम का समय या फिर मेडिकल अपॉइंटमेंट, गर्भपात संबंधी देखभाल और प्रजनन उपचार जैसी चीजों के लिए छुट्टी मिलना शामिल है। इसके अलावा समान रोजगार अवसर आयोग (EEOC) भी गर्भावस्था, प्रसव या इससे जुड़ी चिकित्सा हालत की परिभाषा को और छोटा कर सकता है। अगर ऐसा हुआ तो अप्रैल 2024 में बनाए गए और जून 2024 से लागू हुए नियमों पर भी सीधा असर पड़ेगा।
EEOC ने टिप्पणी के लिए जनवरी 2027 तक का समय रखा
अगर ये बदलाव लागू होते हैं, तो कंपनियों के लिए गर्भवती कर्मचारियों को सहायता देना उतना जरूरी नहीं रहेगा। साथ ही, उन्हें धर्म से जुड़ी छूट का दावा करने के लिए भी ज्यादा ढील मिल सकती है। EEOC इस नवंबर में इस प्रस्ताव की घोषणा करने वाला है। जनता इस पर अपनी राय या सुझाव जनवरी 2027 तक दे सकेगी। यह पूरा मामला ऐसे वक्त सामने आ रहा है, जब देश में प्रजनन अधिकारों को लेकर बहस एक बार फिर गरम हो गई है। दरअसल, पहले संघीय स्तर पर जो गर्भपात संबंधी सुरक्षा थी, उसे वापस ले लिया गया था, जिसके बाद यह बहस तेज हुई है।