पाकिस्तानी दिग्गज ने बाबर आजम को दी घरेलू क्रिकेट न खेलने की सलाह, जानिए कारण
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ ने स्टार बल्लेबाज बाबर आजम को मौजूदा खराब फॉर्म से उबरने के लिए घरेलू प्रथम श्रेणी क्रिकेट से दूर रहने की गंभीर सलाह दी है। हाल ही में समाप्त हुई त्रिकोणीय वनडे सीरीज में बाबर के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद यूसुफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबी पोस्ट लिखकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और बाबर को आगाह किया है। आइए इसके पीछे का कारण जानते हैं।
बयान
यूसुफ ने बाबर को क्या दी सलाह?
पाकिस्तान के वनडे कप्तान शाहीन शाह अफरीदी ने हाल में पुष्टि की थी कि बाबर घरेलू सत्र में कायदे-आजम ट्रॉफी का पहला दौर खेलने उतरेंगे।
हालांकि, यूसुफ ने एक्स पर लिखा, 'मेरा मानना है कि बाबर आजम को तब तक प्रथम श्रेणी क्रिकेट नहीं खेलना चाहिए जब तक कि वे किसी विशेष कोचिंग के जरिए अपनी तकनीकी खामियों को सुधार नहीं लेते। इस समय घरेलू क्रिकेट में संघर्ष करने से उनका आत्मविश्वास और ज्यादा गर्त में जा सकता है।'
सलाह
इंग्लैंड या ऑस्ट्रेलिया भेजने की सलाह
यूसुफ ने लिखा, 'बाबर को पाकिस्तान में रखने के बजाय तुरंत इंग्लैंड या ऑस्ट्रेलिया की किसी बड़ी क्रिकेट एकेडमी में भेजा जाना चाहिए, जहां वे अपनी बल्लेबाजी की कमियों पर काम कर सकें। वे अभी भी पाकिस्तान के नंबर-1 खिलाड़ी हैं और सही मार्गदर्शन के साथ थोड़े से प्रयास से वे अपने पुराने रंग में लौट सकते हैं। मैंने यही बात 4 साल पहले भी कही थी, लेकिन तब किसी ने नहीं सुनी। मेरी गुजारिश है, अब तो सुन लो।'
प्रदर्शन
बेहद खराब रहा है बाबर का प्रदर्शन
बाबर की हालिया फॉर्म बेहद चिंताजनक रही है। त्रिकोणीय वनडे सीरीज में वह 5 मैचों में महज 23.60 की बेहद खराब औसत से सिर्फ 118 रन बना पाए थे।
टेस्ट क्रिकेट में उनके बल्ले से दिसंबर 2022 के बाद से एक भी शतक नहीं निकला है।
साल 2023 की शुरुआत से लेकर अब तक टेस्ट में उनकी औसत गिरकर महज 30.43 रह गई है, जो उनके करियर की औसत से 12 रन कम है। यह बड़ी चिंता का विषय है।