रूस में भूकंप के बाद जापान में गलती से 9.9 तीव्रता के भूकंप का अलर्ट जारी, मचा हड़कंप
जापान के मौसम विभाग ने शुक्रवार को भूलवश 9.9 तीव्रता के भूकंप की चेतावनी भेज दी, जिससे हड़कंप मच गया।
दरअसल, रूस के कामचटका प्रायद्वीप के पास समुद्र में 7.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज हुआ था, लेकिन इसी के चलते विभाग ने गलती से 9.9 तीव्रता की चेतावनी जारी कर दी।
जापान के कई इलाकों में सार्वजनिक लाउडस्पीकरों और मोबाइल फोन पर अलार्म बजने लगे, जिससे लोग सहम गए और घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने अपने रिश्तेदारों और शुभचिंतकों को फोन करना शुरू कर दिया।
हालांकि, मौसम विभाग ने जल्दी ही अपनी गलती भांप ली और 12 मिनट के अंदर ही अलर्ट रद्द कर दिया।
कामचटका में 7 तीव्रता का भूकंप, जापान में कोई हलचल नहीं
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के आंकड़ों के मुताबिक, असली भूकंप रूस के कामचटका के पास आया था। इसकी गहराई 145 किलोमीटर बताई जा रही है।
हालांकि, कुछ जगह झटकों को 6.9 बताया गया है। राहत की बात यह रही कि जापान में इस भूकंप का कोई असर महसूस नहीं हुआ और न ही वहां सुनामी की कोई चेतावनी जारी की गई।
बता दें कि पिछले साल भी कामचटका में सितंबर के समय 2 बार 7 से अधिक तीव्रता वाला भूकंप आया था, जिससे समुद्र में भी 3 मीटर ऊंची लहरें उठी थीं।