दुबई में फर्जी वीजा बनाने वालों से सावधान रहने की अपील, भारतीय दूतावास ने जारी किया अलर्ट
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई में फर्जी वीजा बनाने वाले गिरोह और नकली माइग्रेशन एजेंसियों के सक्रिय होने से ठगी का खतरा बढ़ गया है।
इसे देखते हुए भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास ने भारतीयों को इस तरह के लोगों से सावधान रहने की चेतावनी दी है। ऐसे कई मामले सामने आने की बात कही जा रही है।
बताया जा रहा है कि ये धोखेबाज सोशल मीडिया पर विदेश में नौकरी और रेजिडेंसी वीजा का झांसा देते हैं। लोग इनके चक्कर में पैसे दे देते हैं, लेकिन उन्हें न तो कोई सेवा मिलती है और न ही उनका पैसा वापस मिल पाता है।
दूतावास से वीजा की जांच करें, दस्तावेजों को सुरक्षित रखें
दूतावास ने सबको याद दिलाया है कि वीजा सिर्फ सरकारें ही मंजूर कर सकती हैं। इसलिए, हमेशा आधिकारिक दूतावास या वाणिज्य दूतावास से नियम-शर्तों की दोबारा जांच कर लें।
जानकारी के लिए सरकारी वेबसाइटों का ही इस्तेमाल करें। अपने पासपोर्ट या एमिरेट्स ID जैसी निजी जानकारी अनाधिकृत एजेंटों के साथ साझा न करें।
दूतावास ने कहा कि अपनी जानकारी सुरक्षित रखें और बायोमेट्रिक जानकारी केवल अधिकृत UAE सरकारी केंद्रों पर ही दें। मदद के लिए प्रवासी भारतीय सहायता केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।