थाईलैंड में स्कूल में गोलीबारी, 3 लोग घायल; हमलावर को हिरासत में लिया गया
क्या है खबर?
थाईलैंड के सोंगखला के हाट याई इलाके में एक बंदूकधारी ने स्कूल में अंधाधुंध गोलीबारी की है। घटना में बच्चों समेत 3 लोगों के घायल होने की खबर है। बताया जा रहा है कि बंदूकधारी ने पहले कुछ घंटों तक छात्रों और शिक्षकों को बंधक रखा था। इसके बाद पुलिस ने स्कूल को घेर लिया। बातचीत और संघर्ष के बाद पुलिस ने हमलावर को हिरासत में ले लिया है।
घटना
कब और कैसे हुई घटना?
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, सोंगखला के हाट याई जिले में स्थित पातोंग प्रथान खीरी विट स्कूल पर हथियारबंद बंदूकधारी ने हमला किया। जब बच्चों की छुट्टी होने वाली थी, तभी बंदूकधारी स्कूल में घुसा और शिक्षकों-छात्रों को बंधक बना लिया। इस दौरान डरे हुए छात्र स्कूल इमारत में फंसे रहे। हाट याई पुलिस ने एक विशेष टीम को स्कूल को घेराव करने भेजा और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने के निर्देश दिए।
बयान
घटना के बारे में चश्मदीदों ने क्या बताया?
हमलावर से बचे एक सुरक्षा गार्ड ने बताया कि हमलावर ने प्रधानाध्यापक को गोली मार दी। उसने कहा, "गोली मेरे पेट को छूकर निकल गई, लेकिन मैं बच गया। स्कूल निदेशक को गोली लगी है। इमारत के अंदर अभी भी कुछ बच्चे हैं जिन्हें बंधक बना लिया गया है।" पुलिस के अनुसार, हमलावर की उम्र 18 साल बताई जा रही है और उसके पास एक M4 सबमशीन गन है।