Page Loader
ताइवान में अब एक साल के लिए सैन्य सेवा अनिवार्य, चीन की धमकियों को लेकर फैसला 
ताइवान ने एक साल के लिए सैन्य सेवा अनिवार्य करने का फैसला किया (तस्वीरः ट्विटर/@mna_roc)

ताइवान में अब एक साल के लिए सैन्य सेवा अनिवार्य, चीन की धमकियों को लेकर फैसला 

लेखन गजेंद्र
Dec 27, 2022
04:53 pm

क्या है खबर?

अपने पड़ोसी देश चीन की धमकियों से परेशान ताइवान सरकार ने फैसला किया है कि वह अपने यहां अनिवार्य सैन्य सेवा को चार महीने से बढ़ाकर एक साल करेगा। ताइवान की राष्ट्रपति साई इंग वेन ने बताया कि यह आदेश वर्ष 2024 से लागू होगा। इसके लिए 1 जनवरी, 2005 के बाद पैदा लोग ही पात्र होंगे। ताइवान में एक साल की अनिवार्य सैन्य सेवा पहले भी लागू थी, जिसे पिछली सरकार ने काफी विरोध के बाद हटा दिया था।

फैसला

शांति आसमान से नहीं गिरेगी- वेन

राष्ट्रपति वेन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "चीन की धमकी अधिक स्पष्ट है। कोई युद्ध नहीं चाहता, लेकिन मेरे प्यारे देशवासियों शांति आसमान से नहीं गिरेगी। चार महीने की सैन्य सेवा तेजी से बदलती स्थिति के लिये काफी नहीं।" ताइवान में एक साल की सैन्य सेवा लोकप्रिय नहीं थी, लेकिन हाल में हुए जनमत में एक तिहाई नागरिकों को चार महीने कम लगे। बता दें, चीन ताइवान को अपना हिस्सा मानता है, जबकि ताइवान खुद को स्वशासित लोकतंत्र कहता है।