Page Loader
सीरिया में विद्रोहियों ने हमा शहर पर कब्जा किया, भाग खड़ी हुई सेना
सीरिया में विद्रोहियों ने हमा शहर पर कब्जा कर लिया है (तस्वीर-एक्स/@ZahidDOAM)

सीरिया में विद्रोहियों ने हमा शहर पर कब्जा किया, भाग खड़ी हुई सेना

लेखन आबिद खान
Dec 05, 2024
08:12 pm

क्या है खबर?

सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद की चुनौतियां बढ़ती जा रही हैं। अब विद्रोही समूहों ने अलेप्पो के बाद सबसे अहम माने जाने वाले और सीरिया के चौथे सबसे बड़े हमा शहर पर कब्जा कर लिया है। सीरियाई सेना ने कहा कि वो आम लोगों की जान बचाने के लिए शहर को खाली कर चुकी है। बता दें कि विद्रोही गुट 3 दिसंबर से ही शहर को घेरे हुए थे। राष्ट्रपति असद के लिए इसे बड़ा झटका माना जा रहा है।

बयान

सेना ने क्या कहा?

सेना ने कहा कि वह 'नागरिकों की जान बचाने' और 'लड़ाई को रोकने' के लिए बलों को हमा से हटा रही है। इससे पहले सेना ने लड़ाकों के हमा में घुसने की बात नकारी थी। विद्रोही गुटों के कमांडर हसन अब्दुल गनी ने कहा, 'हमारे लड़ाकों ने हमा में प्रवेश करना शुरू कर दिया है, जिसे उन्होंने मंगलवार से घेर रखा था। यहां सीरियाई सेना के साथ रात भर भारी लड़ाई चली, जिसे रूसी हवाई हमलों का समर्थन प्राप्त था।'

विद्रोही

कौन है हमला करने वाले विद्रोही? 

इस अभियान का नेतृत्व मुख्य तौर पर हयात तहरीर अल-शाम (HTS) नामक संगठन है। ये अलकायदा से जुड़ा एक आतंकी समूह है, जिसका नेतृत्व अबू मोहम्मद अल-गोलानी करते हैं। बीते कुछ सालों में HTS ने खुद को नया नाम देकर अपनी छवि सुधारने का प्रयास किया है। अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र (UN) ने HTS को एक आतंकवादी संगठन घोषित कर रखा है, लेकिन संगठन अपने आतंकी संबंधों को नकारता रहा है।