Page Loader
युगांडा की जेल में बंद भारतीय मूल की वसुंधरा ओसवाल के अरबपति पिता पंकज ओसवाल लापता
भारतीय मूल के अरबपति पंकज ओसवाल की बेटी वसुंधरा युगांडा की जेल में हैं (तस्वीर: एक्स/@ATTSquared)

युगांडा की जेल में बंद भारतीय मूल की वसुंधरा ओसवाल के अरबपति पिता पंकज ओसवाल लापता

लेखन गजेंद्र
Oct 24, 2024
01:11 pm

क्या है खबर?

स्विट्जरलैंड में भारतीय मूल के अरबपति पंकज ओसवाल की बड़ी बेटी वसुंधरा पिछले 3 सप्ताह से युगांडा की जेल में बंद है, जिसके बाद अब उनके अरबपति पिता पंकज ओसवाल और मां राधिका भी लापता हो गए हैं। पंकज की छोटी बेटी रिद्धि ओसवाल ने हिंदुस्तान टाइम्स को ईमेल पर बताया कि उनके पिता वसुंधरा को युगांडा भेजने पर खुद को दोषी मान रहे हैं, इसलिए इसलिए उन्होंने खुद को लंदन में एक गुप्त स्थान में बंद कर लिया है।

घटना

क्या है वसुंधरा ओसवाल की युगांडा में गिरफ्तारी का मामला?

26 वर्षीय वसुंधरा 3 साल से युगांडा में रहकर अपने परिवार की फैक्ट्री विकसित कर रही थीं। 1 अक्टूबर को एक्सट्रा न्यूट्रल एल्कोहल प्लांट का दौरा करते समय हथियारबंद पुलिस अधिकारी वहां पहुंचे और उन्होंने पूछताछ के बहाने बिना वारंट के वसुंधरा को हिरासत में ले लिया। युगांडा अधिकारियों का दावा है कि यह एक लापता व्यक्ति से संबंधित जांच है, जबकि ओसवाल परिवार का दावा है कि आरोप झूठे हैं और संबंधित व्यक्ति तंजानिया में जीवित और स्वस्थ है।

आरोप

वसुंधरा को 3 सप्ताह से जेल में रखा गया

पंकज ओसवाल ने दावा किया कि मामला उनकी कंपनी के एक पूर्व कर्मचारी से जुड़ा है, जिसने 2 लाख डाॅलर का कर्ज लिया था और में चुकाने से मना कर दिया। जब कंपनी ने उस पर कानूनी कार्रवाई शुरू की तो बचने के लिए वसुंधरा पर झूठे आरोप मढ़ दिए। ओसवाल परिवार का कहना है कि वसुंधरा को युगांडा की जेल में पिछले 3 सप्ताह से अमानवीय परिस्थितियों में रखा जा रहा है और कोई बुनियादी अधिकार नहीं मिल रहे।

प्रयास

बेटी को छुड़ाने का कर रहे प्रयास

रिद्धि ने बताया कि उनके माता-पिता लंदन में एक गुप्त स्थान पर रहकर बहन को छुड़ाने का प्रयास कर रहे हैं। वे सिर्फ उन्हीं से बात करते हैं, जो उनकी बहन की मदद कर सकें। उन्होंने बताया कि पंकज और राधिका ने बाहरी दुनिया से संपर्क तोड़ लिया है और मुश्किल से एक बार ही भोजन कर रहे हैं। दंपति ने रिद्धि को ही व्यावसायिक और पारिवारिक भार सौंप दिया है और पूरी कोशिश बेटी की रिहाई में है।

डर

युगांडा देश की यात्रा नहीं कर पा रहे पंकज ओसवाल

रिद्धि ने बताया कि उनके माता-पिता इतने मजबूर हैं कि वह युगांडा देश की यात्रा भी नहीं कर सकते, क्योंकि उन्हें डर है कि वहां के भ्रष्ट अधिकारी उनको तत्काल गिरफ्तार कर लेंगे। उन्होंने बताया कि युगांडा की पुलिस के पास बिना वारंट गिरफ्तारी का अधिकार है। उन्होंने बताया कि अगर उनके माता-पिता की गिरफ्तारी हो गई, तो वे बहन को नहीं छुड़ा पाएंगे। पंकज ओसवाल ने अपनी बेटी को छुड़ाने के लिए संयुक्त राष्ट्र से भी संपर्क किया है।

पहचान

कौन हैं पंकज ओसवाल?

पंकज ओसवाल का जन्म लुधियाना में हुआ। वह प्रसिद्ध ओसवाल समूह से हैं। उनके पिता अभय ओसवाल एग्रो मिल्स और ओसवाल ग्रीनटेक के संस्थापक थे। पंकज को ऑस्ट्रेलिया में सबसे बड़े अमोनिया प्लांट को स्थापित करने का श्रेय दिया जाता है। उन्होंने पेट्रोकैमिकल, रियल एस्टेट, फर्टिलाइजर्स, माइनिंग सेक्टर में भी झंडे गाड़े हैं। ऑस्ट्रेलिया में पार्थ में उनके ऊपर टैक्स चोरी का आरोप लगा था, जिसके बाद वे स्विट्जरलैंड आकर बस गए। वे महंगे शौक के लिए जाने जाते हैं।