इंडोनेशिया में लगी जंगली आग का धुआं मलेशिया-सिंगापुर तक फैला, 26 कंपनियों के लाइसेंस रद्द
इंडोनेशिया के सेंट्रल कालीमंतन से आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल है, जिसमें जंगल की आग के कारण आसमान नारंगी रंग का दिख रहा है और चारों तरफ घना धुआं छाया हुआ है।
यह धुंध इतनी गहरी है कि दृश्यता बहुत कम हो गई है। जंगल की आग का धुआं सिंगापुर और मलेशिया तक पहुंचा है, जिससे इसका व्यापक असर साफ दिखाई देता है।
इंडोनेशिया में लगी जंगल की आग पिछले कई दिनों से जारी है, जिसने बड़ा नुकसान किया है।
आग के कारण दक्षिण सुमात्रा के पालेमबांग में, दर्जनों छात्रों ने मंगलवार को दक्षिण सुमात्रा पुलिस मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और जंगल और जमीन में आग लगाने में कथित रूप से शामिल निगमों से जवाबदेही की मांग की।
इंडोनेशिया में 26 कंपनियों के ऑपरेटिंग लाइसेंस निलंबित
यह आग 'स्लेश एंड बर्न' फार्मिंग से जुड़ी बताई जा रही हैं। इस तरीके में जमीन साफ करने के लिए पेड़-पौधों को काटकर जलाया जाता है, जो आग आसानी से काबू से बाहर हो सकती है।
इसी के चलते इंडोनेशिया ने 26 कंपनियों के ऑपरेटिंग लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं। इन कंपनियों पर जंगल की आग से जुड़े होने का आरोप है।
प्रेसिडेंट प्रबोवो सुबियांतो ने कहा है कि इन आग से निपटना अब उनकी पहली प्राथमिकता है। प्रभावित इलाकों में और ज्यादा संसाधन भेजे जा रहे हैं।