'क्वीन फॉरएवर' की रिलीज को कोर्ट से राहत, नए सफर के साथ लौट रहीं कंगना रनौत
क्या है खबर?
बॉम्बे हाई कोर्ट ने कंगना रनौत अभिनीत जियोस्टार की आगामी फिल्म 'क्वीन फॉरएवर' की रिलीज पर अंतरिम रोक लगाने से इनकार कर दिया है। न्यायमूर्ति संदीप मार्ने की पीठ ने फैंटम स्टूडियोज की याचिका को खारिज करते हुए यह राहत देने से मना किया। स्टूडियो का आरोप था कि यह फिल्म उनकी 2014 में आई सुपरहिट फिल्म 'क्वीन' का बिना अनुमति बनाया गया अनधिकृत सीक्वल है। इससे उनके बौद्धिक संपदा अधिकारों का उल्लंघन होता है।
मुकदमा
फैंटम स्टूडियोज ने ठोका जियोस्टार पर 250 करोड़ का केस
फैंटम स्टूडियोज ने जियोस्टार इंडिया पर 250 करोड़ रुपये का मुकदमा किया है। स्टूडियो का आरोप है कि फिल्म 'क्वीन फॉरएवर' उनके 2012 के सह-निर्माण समझौते और 2022 के अनुबंध का उल्लंघन करती है।
फैंटम स्टूडियोज का दावा है कि 2014 में आई फिल्म 'क्वीन' के बौद्धिक संपदा अधिकारों और उसके सीक्वल बनाने के अधिकारों पर उसका और जियोस्टार (पहले वायाकॉम18) का बराबर हक है।
इसी आधार पर स्टूडियो ने फिल्म के निर्माण और रिलीज पर सवाल उठाए हैं।
दलील
जियोस्टार ने फैंटम के दावों को नकारा
फैंटम स्टूडियोज ने मामला सुलझने तक बिना लिखित अनुमति के 'क्वीन फॉरएवर' सहित किसी भी सीक्वल/एडॉप्टेशन के निर्माण, प्रचार या रिलीज पर रोक मांगी थी, वहीं, जियोस्टार ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि नई फिल्म मूल फिल्म का सीक्वल नहीं है।
जियोस्टार का तर्क था कि फैंटम को अप्रैल, 2025 से इस प्रोजेक्ट की जानकारी थी और वो पत्राचार में शामिल था। फिल्म इस साल के अंत तक रिलीज होनी है।
रिलीज
'क्वीन 2' की रिलीज का रास्ता साफ
बॉम्बे हाई कोर्ट से कानूनी राहत मिलने के बाद 'क्वीन फॉरएवर' की रिलीज का रास्ता साफ हो गया है। ये फिल्म 2014 की ब्लॉकबस्टर 'क्वीन' का आधिकारिक सीक्वल नहीं है।
हालांकि, इसमें कंगना फिर 'रानी' के यादगार किरदार में नजर आएंगी। विकास बहल के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रानी की जिंदगी के नए सफर और आत्म-खोज को दिखाया जाएगा।
इस साल के अंत में फिल्म एक बार फिर दर्शकों का दिल जीतने को तैयार है।