मेरठ नीले ड्रम हत्याकांड में मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल को मौत की सजा
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश के मेरठ में अपने पति सौरभ की हत्या कर उसे नीले ड्रम में सीमेंट से जमाने के आरोप में मुस्कान रस्तोगी को जिला कोर्ट ने मौत की सजा सुनाई है। हत्या में मुस्कान का साथ देने के लिए उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को भी यही सजा दी गई है। मुस्कान और साहिल ने मिलकर सौरभ की हत्या कर दी थी। कोर्ट ने लगभग 13 महीने तक चले मुकदमे और 126 सुनवाईयों के बाद बुधवार को फैसला सुनाया है।
सुनवाई
30 सितंबर को ठहराया गया था दोषी
दोनों आरोपियों को जिला कोर्ट ने 30 सितंबर को सौरभ की हत्या का दोषी ठहराया था। कोर्ट ने दोनों को सजा की मात्रा पर अपनी दलीलें पेश करने के लिए 15 दिन का समय दिया था।
हालांकि, अभियोजन पक्ष ने अपराध की प्रकृति और मुकदमे के दौरान पेश किए गए साक्ष्यों का हवाला देते हुए अधिकतम सजा की मांग की थी।
बुधवार को दोनों आरोपियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सुनवाई में भाग लिया, जबकि उनके परिवार कोर्ट में मौजूद थे।
दोषी
दोषी साबित होने के बाद चिंता में डूब गए थे दोनों
समाचार एजेंसी PTI ने जेल अधिकारियों के हवाले से बताया कि दोष सिद्ध होने के बाद से मुस्कान और साहिल परेशान थे और कम खाना खा रहे थे। उनके लिए परामर्श सत्र आयोजित करना पड़ा।
मुस्कान ने अपनी नवजात बेटी के भविष्य को लेकर चिंता जताई, जो जेल में उनके साथ रह रही थी।
बता दें कि 30 सितंबर को दोषी ठहराए जाने के बाद, सौरभ की मां, रेनू देवी और भाई, राहुल ने दोनों के लिए सजा-ए-मौत मांगी थी।
घटना
क्या है मामला?
ब्रह्मपुरी निवासी सौरभ राजपूत (29) लंदन के एक मॉल में कार्यरत थे। उससे पहले मर्चेंट नेवी में थे।
उनका मुस्कान से प्रेम विवाह हुआ था। सौरभ की अनुपस्थिति में मुस्कान-साहिल के बीच संबंध बढ़े।
फरवरी में जब सौरभ लंदन से आया तो 4 मार्च को साहिल-मुस्कान ने नशीली दवा देकर उसकी हत्या कर दी और शव को नीले ड्रम में सीमेंट से सील कर दिया।
हत्या के बाद मुस्कान-साहिल हिमाचल प्रदेश भाग गए। उन्हें मेरठ लौटने पर गिरफ्तार किया गया।