Loading...
ओडिशा के नवनियुक्त राज्यपाल ब्रज मोहन बोले- भाजपा के पक्ष में वोट के लिए चिंता करेंगे
ओडिशा के नवनियुक्त राज्यपाल ब्रज मोहन राम के बयान पर विवाद

ओडिशा के नवनियुक्त राज्यपाल ब्रज मोहन बोले- भाजपा के पक्ष में वोट के लिए चिंता करेंगे

लेखन गजेंद्र
Oct 14, 2026
04:07 pm

क्या है खबर?

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पिछले दिनों 6 राज्यों में नए राज्यपालों के नाम की घोषणा की है, जिसमें ओडिशा के लिए झारखंड के भाजपा नेता ब्रज मोहन राम को चुना गया है। अब ब्रज मोहन का एक बयान सोशल मीडिया पर काफी तेजी से चर्चित हो रहा है, जिसमें वह राज्यपाल बनकर ओडिशा में भाजपा को मजबूत करने की बात कह रहे हैं। उनके इस बयान पर ओडिशा की विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल (BJD) ने निराशा जताई है।

बयान

ब्रज मोहन राम ने क्या कहा?

समाचार एजेंसी PTI के पत्रकार ने ब्रज मोहन से पूछा, "आप नई जिम्मेदारी के साथ ओडिशा जा रहे हैं, वहां लोकभवन का कामकाज संभालेंगे, तो काम करने का तरीका कैसे अलग होगा।"

इस पर ब्रज मोहन बोले, "देखेंगे कि वहां क्या स्थिति है और वहां भी लोगों को जोड़ेंगे, अपने मोर्चा (भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा) को सक्रिय करके, भाजपा के पक्ष में वोट कैसे आए, इस पर चिंता करेंगे।"

उन्होंने कहा, "पार्टी ने मुझ जैसे आम कार्यकर्ता को पहचाना है।"

विवाद

BJD ने क्या कहा?

ब्रज मोहन का बयान सामने आने के बाद BJD ने एक बयान में कहा, "PTI के एक वीडियो में उनके बयान सुनकर हम स्तब्ध हैं, जिसमें उन्होंने दोहराया है कि वे भाजपा को मजबूत करने की दिशा में काम करेंगे। हम इस टिप्पणी की निंदा करते हैं क्योंकि यह इस तथ्य को नकारती है कि राज्यपाल दलीय राजनीति से ऊपर होते हैं।"

BJD के मीडिया समन्वयक लेनिन मोहंती ने कहा कि ये टिप्पणियां एक राज्यपाल के लिए अशोभनीय थीं।

ADVERTISEMENT

ट्विटर पोस्ट

ब्रज मोहन राम का बयान

ADVERTISEMENT

पहचान

कौन हैं ब्रज मोहन राम?

ब्रज मोहन का जन्म लातेहार जिले के चंदवा में हुआ है। वे रांची विश्वविद्यालय से स्नातक हैं। उन्होंने 1991 में भाजपा के टिकट पर बिहार विधानसभा चुनाव जीतकर राजनीति में प्रवेश किया था। वह पेशे से किसान हैं।

इसके बाद ब्रज 1996, 1998 और 1999 में पलामू संसदीय क्षेत्र से सांसद बने। वह झारखंड भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश प्रभारी रहे हैं।

ब्रज झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास के बाद दूसरे नेता हैं, जो ओडिशा के राज्यपाल बनेंगे।

ADVERTISEMENT