नेपाल के राष्ट्रीय पार्क में फंसे 6 भारतीय पर्यटकों को बचाया गया
नेपाल के शे-फोक्सुंडो राष्ट्रीय पार्क में भारी बर्फबारी के कारण 6 भारतीय पर्यटक फंस गए थे, जिनको सोमवार को सुरक्षित बचा लिया गया।
इनमें 4 पुरुष और 2 महिलाएं थीं। उन्हें एयरलिफ्ट करके बाहर निकाला गया और अब वे सुरक्षित हैं। डोल्पा जिले में उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि पर्यटक बर्फबारी की वजह से 1 नवंबर से संपर्क में नहीं थे। डोल्पा में जिला पुलिस ऑफिस के इंस्पेक्टर बिनया सिंह ने बताया कि उन्हें सोमवार सुबह एक प्राइवेट हेलीकॉप्टर से बचाया गया।
पर्यटक बिना परमिट के धो इलाके में घुस गए थे
यह पर्यटक समूह धो इलाके में घुस गया था, जबकि वहां के स्थानीय लोगों ने खराब मौसम को लेकर चेतावनी दी थी। उनके पास जरूरी परमिट भी नहीं थे।
वे काठमांडू से करीब 300 किलोमीर उत्तर-पश्चिम में शेय फोकसुंडो रूरल म्युनिसिपैलिटी के वार्ड नंबर 8 के धो इलाके में गए थे।
खराब मौसम की वजह से उन्हें बचाने की शुरुआती कोशिशों में देरी हुई। आखिरकार, जब वे शे-फोक्सुंडो झील से लौट रहे थे, तब उन्हें नुमला और वाग्ला दर्रों पर पाया गया।
जहां पर्यटक फंसे थे वह 3,600 मीटर की ऊंचाई पर है और इसकी गहराई लगभग 145 मीटर है।