BRICS शिखर सम्मेलन में बांग्लादेश के शामिल न होने को शेख हसीना ने बताया 'बड़ी चूक'
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना हाल ही में भारत में हुए BRICS शिखर सम्मेलन में उनके देश के शामिल न होने पर नाराजगी जताई है।
उन्होंने समाचार एजेंसी PTI को दिए विशेष साक्षात्कार में बांग्लादेश की मौजूदा सरकार के इस फैसले को 'बहुत दुर्भाग्यपूर्ण' बताया।
उनका कहना था कि विदेश नीति देश के बेहतरीन हितों के लिए होनी चाहिए, न कि किसी निजी या राजनीतिक बदले की भावना के कारण।
हसीना ने कहा कि प्रभावशाली समूह के शिखर सम्मेलन में बांग्लादेश की भागीदारी देश के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए नए अवसर खोल सकती थी, लेकिन वह मौका हाथ से निकल गया।
भारत ने बांग्लादेश को दो बार दिया था न्योता
भारत ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को 2 बार न्योता भेजा था। एक बार BIMSTEC के अध्यक्ष के तौर पर और फिर द्विपक्षीय दौरे के लिए आमंत्रण भेजा गया था।
खबरों के मुताबिक, ढाका ने तारीखें तय करने के लिए चल रही बातचीत से हाथ खींच लिए थे। इसकी वजह कथित तौर पर यह थी कि शेख हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर भारत की तरफ से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला था।
भारत ने बाद में साफ किया कि इन न्योतों में द्विपक्षीय दौरा और BRICS का निमंत्रण दोनों शामिल थे। इस शिखर सम्मेलन से BRICS की औपचारिक स्थापना को 20 साल पूरे हो गए हैं।